ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बड़ी खबर: नवगछिया में अहले सुबह ठहरेगी मुम्बई श्रमिक स्पेशल ट्रेन, प्रशासन मुस्तैद लेकिन ट्रेन ही केंसिल

राजेश कानोडिया, नव-बिहार समाचार, नवगछिया। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया के लिए यह एक बड़ी और अहम खबर है कि आज अहले सुबह यानि शनिवार की सुबह नवगछिया स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ठहरेगी मुम्बई से कटिहार के लिए चली श्रमिक स्पेशल ट्रेन। जहां भागलपुर जिले के श्रमिकों का स्वागत करेगा नवगछिया अनुमंडल और भागलपुर जिला प्रशासन। जिनके साथ सहयोग में शामिल रहेंगे नवगछिया आरपीएफ और जीआरपी तथा रेलकर्मी और स्वास्थ्य कर्मी। 

नवगछिया स्टेशन पर 01846 श्रमिक स्पेशल ट्रेन के ठहराव को लेकर जिला पदाधिकारी भागलपुर प्रणव कुमार ने सारी जिम्मेदारी नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार के कंधों पर सौंपी है। जिनके सहयोग में सभी स्थानीय वरीय और कनीय अधिकारियों को भी जगह जगह की जिम्मेदारी दी गई है। इस बाबत नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने आज रात करीब आठ बजे नवगछिया स्टेशन पहुंच कर सभी व्यवस्था का जायजा भी लिया। जहां अधिकांश तैयारी लगभग पूरी कर ली गई थी। वहीं मौके पर ही विभिन्न पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुछ और आवश्यक निर्देश भी दिया गया। जहां मौके पर एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती, आरपीएफ इंस्पेक्टर पीएस दुबे, जीआरपी थानाध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद, स्टेशन अधीक्षक एनके तिवारी सहित अन्य कई पदाधिकारी मौजूद थे।

मिली जानकारी के अनुसार नवगछिया स्टेशन पर सिर्फ भागलपुर जिले के श्रमिकों को ही उतारा जाएगा। जहां इनकी स्क्रीनिंग कराने के बाद उन्हें पहले से तैयार बसों द्वारा सीधे सेंटर पर लेजाया जाएगा। इसके लिए जिला से परिवहन अधिकारी भी नवगछिया स्टेशन पहुंच चुके हैं।

लेकिन इस बीच ट्रेन की ताजा स्थिति का पता लगाया जाने लगा। इस ट्रेन की जानकारी मुगलसराय नया नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक या उससे भी आगे कोई पता नहीं चल पा रहा था। आगे पता लगाते लगाते पता चला कि यह श्रमिक स्पेशल ट्रेन कैंसिल हो चुकी है। जो अपने गंतव्य स्थान से चली ही नहीं है। जबकि नवगछिया में इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। श्रमिकों को लेजाने के लिए बसें भी पहुंच गई थी। श्रमिकों के लिए खाना की और पानी की बोतलें भी तैयार हो चुकी थी। निबंधन और स्क्रीनिंग के लिए सारे काउंटर भी तैयार हो चुके थे। पुलिस बल सहित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तक हो चुकी थी। देर रात लगभग सवा बारह बजे के बाद पता चला कि बताए गए नंबर की ट्रेन रद कर दी गई है।