ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

प्रेमिका के परिजनों ने खेली खून की होली, दो दोस्तों की मौत और प्रेमी की हालत गंभीर, पांच गिरफ्तार

प्रेमिका के परिजनों ने खेली खून की होली, दो दोस्तों की मौत और प्रेमी की हालत गंभीर, पांच गिरफ्तार 

राजेश कानोड़िया, नवगछिया। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया में होली के दिन एक प्रेम प्रसंग के मामले ने ऐसा रूप ले लिया, जिसने होली के त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी युवक और उसके दो दोस्तों पर प्रेमिका के परिजनों का गुस्सा ऐसा फूटा कि दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि प्रेमी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामला नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी जीरोमाइल इलाके से जुड़ा है। खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार का परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरया गांव की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। 
होली के मौके पर अजय कुमार अपने दो दोस्तों गुलशन कुमार और नीरज कुमार के साथ बोरबस गांव पहुंचा था। गुलशन के रिश्तेदार का घर वहीं था, इसलिए तीनों दोस्त वहीं ठहरे हुए थे। होली के रंग और उत्सव के बीच अजय कुमार ने अपनी प्रेमिका से मिलने की योजना बनाई।
बताया जाता है कि घटना के दिन अजय कुमार चुपके से युवती के घर पहुंच गया। उस समय युवती घर में अकेली थी। अजय उससे मिलने के लिए कमरे के अंदर चला गया, जबकि उसके दोनों दोस्त घर के बाहर खड़े होकर नजर रख रहे थे ताकि किसी को शक न हो। लेकिन थोड़ी ही देर में युवती के परिजनों को इस बात की भनक लग गई। जब वे घर पहुंचे तो कमरे के अंदर अजय कुमार को युवती के साथ देख उनका गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने अजय और उसके दोनों दोस्तों को पकड़ लिया और मारपीट करने लगे।
गुस्से में भरे आरोपियों ने तीनों युवकों को जबरन वहां से उठाकर कलबलिया धार के पास स्थित एक केले के बागान में ले गए। वहां तीनों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर गोली चला दी गई।
गोली लगते ही गुलशन कुमार और नीरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय कुमार को भी गोली लगी, लेकिन वह किसी तरह घायल है से भाग निकला और अपनी जान बचाने में सफल रहा।
घटना के बाद आरोपियों ने दोनों मृतकों के शव को छिपाने के इरादे से सड़क किनारे फेंक दिया। अगली सुबह पुलिस को दोनों शव बरामद हुए, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए नीतीश कुमार, अखिलेश उर्फ रूबल, संजो देवी, देवो मंडल और विजय मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग और पारिवारिक आक्रोश का परिणाम है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।