ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

केरल : हजारों लोगों को मदद का इंतजार, अपने घरों में फंसे हैं भूखे प्यासे

केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में हजारों लोग अब भी सुरक्षित निकाले जाने की आस लगाए हुए हैं। अलप्पुझा, त्रिशूर और एर्णाकुलम जिलों के कई इलाकों में अब भी कई लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं, जहां उनके पास भोजन और पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरएफ) के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित इलाकों से विभिन्न एजेंसियों ने 33,000 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला है। वहीं, राहत शिविरों में करीब छह लाख लोग मौजूद हैं। वहीं, रविवार को नौसेना का विमान भारी मात्रा में राशन-पानी लेकर पहुंचा। 

बीमारियां फैलने की आशंका: केरल में आई भीषण बाढ़ की वजह से कई तरह की बीमारियां फैलने की आशंका भी पैदा हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि केरल के हालात पर हमारी लगातार निगाह है। स्वास्थ्य सचिव डिजीज सर्विलांस नेटवर्क के जरिये स्थिति की निगरानी कर रही हैं। 

चार दिन भारी बारिश का अनुमान नहीं:  राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि इस दक्षिणी राज्य में अगले चार दिन तक भारी बारिश नहीं होगी। मालूम हो कि बाढ़ के चलते अब तक 357 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। और लाखों लोग बेघर हो गए हैं। 

प. बंगाल ने 10 करोड़ दिए
पश्चिम बंगाल सरकार ने केरल के मुख्यमंत्री राहत कोष में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 10 करोड़ रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर यह जानकारी देते हुए कहा, इस मुश्किल की घड़ी में केरल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं। 

बॉलीवुड भी साथ आया 
बॉलीवुड भी केरल वासियों की मदद को आगे आया है। फिल्म निर्माता प्रियदर्शन, अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, दुलकर रहमान और जैकलिन फर्नांडिस जैसी फिल्मी हस्तियों ने मुख्यमंत्री आपदा कोष में अंशदान किया है और साथ ही अन्य लोगों से भी मदद की अपील की है। 

यूएई के कारोबारी ने मदद की
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक व्यापारी ने 26 लाख दिरहम (4.94 करोड़ रुपये) दान दिया है। खलीज टाइम्स के अनुसार, फातिमा हेल्थकेयर ग्रुप के अध्यक्ष के.पी. हुसैन के अनुसार, राशि का लगभग आधा हिस्सा केरल के मुख्यमंत्री राहत निधि जबकि शेष चिकित्सा सहायता के लिए दान दिया है।