ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर: सीवीयर हीट वेव अलर्ट, दोपहर 1 से 3 बजे तक घर में रहें सुरक्षित

भागलपुर: सीवीयर हीट वेव अलर्ट, दोपहर 1 से 3 बजे तक घर में रहें सुरक्षित 
नव-बिहार समाचार, भागलपुर। पिछले कुछ दिनों से पूरा राज्य लगातार तप रहा है। सीवीयर हीट वेव के कारण दिन का तापमान 44 डिग्री तक हो जाने का अनुमान है, जबकि रात में भी तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है। हवा पूरी तरह से शुष्क है। गर्म हवा चलने से गर्मी बढ़ती जा रही है। ऐसे हालात 2 मई तक रहने के अनुमान हैं। विभाग ने 2 मई तक का सीवीयर हीट वेव अलर्ट भी जारी किया है। लोगों को दोपहर में 1 से 3 बजे तक घर में ही रहने की सलाह दी है। रविवार को भागलपुर, जमुई और लखीसराय सीवियर हीट वेव की चपेट में रहा।
पिछले 24 घंटे में भागलपुर के अधिकतम तापमान में जहां 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। रविवार को भागलपुर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 38.5 व न्यूनतम तापमान 22 डिग्री था। जमुई और लखीसराय का पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया। शेखपुरा, खगड़िया, बांका और नवादा में हीट वेव रहा है। शेखपुरा का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री, जबकि पटना का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया।