कर्नाटक से 2009-10 में अवैध लौह अयस्क निर्यात घोटाले में कथित भूमिका के कारण केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आनंद सिंह को गिरफ्तार किया।
सीबीआई के जांच अधिकारी ने बताया, ''हमारे अधिकारियों ने सिंह को सिंगापुर से बंगलुरु पहुंचने के बाद हिरासत में ले लिया। वह दिल की बिमारी के इलाज के लिए विदेश गए थे।'' उनके खिलाफ सीबीआई की विशेष अदालत ने भ्रष्टाचार निरोधक कानून और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत वारंट जारी किया था।
अपना नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा और सीबीआई आगे की जांच के लिए उन्हें हिरासत में लेने का प्रयास करेगी। सिंह खनिज संपन्न बेल्लारी जिले के विजयनगर से भाजपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए हैं। वह जगदीश शेट्टार के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में सितम्बर 2012 से मई 2013 तक पर्यटन मंत्री भी रहे।