नवगछिया पुलिस जिला में एनएच 31 पर 13 - 14 जनवरी की रात हुए एक ट्रक लूट कांड का खुलासा मोबाइल काल डिटेल के आधार पर पकड़े गये अपराधियों के बयान से नवगछिया पुलिस ने कर लिया है। नवगछिया पुलिस द्वारा लूटी गयी ट्रक का सामान झारखंड के राजमहल से बरामद करने में सफलता पायी है। इसके साथ ही इस बात का भी खुलासा हुआ है कि यह लूट नवगछिया थाना क्षेत्र में नहीं बल्कि झंडापुर या भवानीपुर ओपी क्षेत्र में हुई थी।
जानकारी के अनुसार नवगछिया आदर्श थाना के दरोगा विजय गुप्ता और मैनेजर सिंह की मेहनत आखिरकार रंग लायी। ट्रक चालक और खलासी के मोबाइल काल डिटेल के आधार पर लगातार खोज और दबिश के बाद इस लूट कांड में शामिल सवारी गाड़ी एवं उसमे शामिल एक अपराधी को पकड़ पाने में सफल हुई थी। जिसके आधार पर अन्य अपराधियों की खोज की जा सकी। जिन्होने गायब सामान का ठिकाना बताया । जहां छापेमारी के पश्चात गायब किए गये लगभग एक हजार इनवर्टर मिले। इसके अलावा 400 इनवर्टर गंगा नदी किनारे फेंके गये हालत में बरामद किए गये।