
नव-बिहार समाचार, पटनाः राजधानी पटना के राजीव नगर में उठे बवाल से हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. पुलिस-पब्लिक के बीच हिंसक झड़प हुई है. दीघा थानेदार समेत कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस को पब्लिक ने तकरीबन तीन किलोमीटर तक खदेड़ा है. एक जेसीबी में आग भी लगा दी गयी है. पुलिस पूरी तरह से पब्लिक के बीच घिर गई. घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चला .

जानकारी के अनुसार आज मंगलवार को पटना पुलिस की टीम राजीव नगर में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी. पुलिस की इस कार्रवाई का लोगों ने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते हालात काबू से बाहर हो गए. वहीं मौजूद लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. तकरीबन 50 राउंड फायरिंग की भी खबर है.

लोगों के पथराव को देखते हुए पुलिस ने मौके पर जवाबी कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया. लाठीचार्ज में कई लोगों को चोटें आईं. पुलिस के लाठीचार्च के बाद लोग और भी उग्र हो गए. हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस की जेसीबी मशीन में तोड़-फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया. भीड़ ने पुलिस को तीन किलोमीटर तक खदेड़ दिया.

फिलहाल पुलिस का एक्शन जारी है. हालात को देखते हुए आरएएफ की कई टीमें भी राजीव नगर पहुंच चुकी हैं. किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस पैनी नजर बनाए हुए है. बता दें कि पटना का राजीव नगर रणक्षेत्र में तब्दील हो चुका है.



बताया जा रहा है कि राजीव नगर में हालात अभी भी काबू से बाहर हैं. फिलहाल पुलिस के जवानों को सैकड़ों की तादाद में तैनात किया गया है. पुलिस की आरएएफ की भी टीम मौके पर हालात को काबू करने की कोशिश में लगी हुई है.