रेल यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को रेल पुलिस ने किया गिरफ्तार
नवगछिया। पूर्व मध्य रेल अंतर्गत नवगछिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, अपराध शाखा गढ़हरा और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को छह चोरी के स्मार्ट मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल की कीमत करीब एक लाख रुपये बतायी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उपरोक्त संयुक्त टीम शुक्रवार दोपहर करीब 12:45 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से छह स्मार्टफोन बरामद हुए, जिनके संबंध में वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिला अंतर्गत कुर्सेला थाना क्षेत्र के इंदिरा ग्राम वार्ड नंबर 10 के मिट्ठू कुमार झा, अभिषेक कुमार झा उर्फ सागर दोनों के पिता राज कुमार झा तथा बेगूसराय जिला अंतर्गत साहेबपुर कमाल के गुड्डू कुमार और राजीव कुमार दोनों के पिता लक्ष्मी साहनी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ट्रेनों में सफर कर रहे और सो रहे यात्रियों के मोबाइल चोरी करने तथा बाद में उन्हें बेच देने की बात स्वीकार की।
इस अभियान में नवगछिया आरपीएफ थाना प्रभारी मुन्ना कुमार पासी, सब इंस्पेक्टर रवि कुमार रजक, रमेश कुमार शाह, जियाउल मोबीन तथा अपराध अनुसंधान शाखा गड़हरा के नागेन्द्र कुमार, सब इंस्पेक्टर राम आशीष सिंह, पिंटू कुमार एवं प्रमोद कुमार शामिल थे। वहीं नवगछिया आरपीएफ थाना प्रभारी मुन्ना कुमार पासी ने बताया कि यह कार्रवाई रेलवे द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत की गई है। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में से एक का वास्तविक मालिक चिन्हित कर लिया गया है, जिसका मोबाइल उसी दिन ट्रेन यात्रा के दौरान चोरी हुआ था। मामले में रेल थाना खगड़िया में कांड संख्या 23/26 की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और इससे जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच जारी है।