ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

विश्व साइकिल दिवस पर मारवाड़ी युवा मंच एवं बाल भारती विद्यालय द्वारा होगा भव्य साईकिल रैली का आयोजन

विश्व साइकिल दिवस पर मारवाड़ी युवा मंच एवं बाल भारती विद्यालय द्वारा होगा भव्य साईकिल रैली का आयोजन 
नवगछिया (आससे)। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर  3 जून को मारवाड़ी युवा मंच की नवगछिया शाखा एवं बाल भारती विद्यालय, नवगछिया के संयुक्त तत्वावधान में भव्य साइक्लिंग रैली का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने नवगछिया के सभी नागरिकों से इसमें भाग लेने की अपील की है। बाल भारती विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा ने बताया कि इस रैली का शुभारंभ 3 जून (बुधवार) को प्रातः 6:30 बजे बाल भारती विद्यालय, गोशाला रोड, नवगछिया परिसर से किया जाएगा। रैली नगर भ्रमण करते हुए स्टेशन गोलंबर तक जायेगी। जहां से पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न होगी। मारवाड़ी युवा मंच के संरक्षक अभय प्रकाश मुनका और नरेश केडिया ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और फिट जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। साइकिल न केवल एक सुलभ एवं किफायती परिवहन साधन है, बल्कि यह प्रदूषण मुक्त वातावरण और स्वस्थ जीवन का भी प्रतीक है। आयोजकों ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बीच साइकिलिंग को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से साइकिल चलाने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों के लोगों को साइकिल रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता ही इस अभियान की सफलता सुनिश्चित करेगी। मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा ने नगरवासियों से अपील की है कि वे विश्व साइकिल दिवस के इस जन-जागरूकता अभियान में भाग लेकर स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।