ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

पढ़िए: अमित शाह की नई टीम में कौन-कौन?


भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को अपनी नई टीम घोषित कर दी। 54 सदस्यों वाली इस टीम के 80% सदस्य 60 साल से कम उम्र के हैं।  प्रदेश से प्रभात झा को फिर से उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बैतूल से सांसद ज्योित धुर्वे को पार्टी सचिव बनाया गया है।
 
कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा को उपाध्यक्ष और संघ से भाजपा में आए राम माधव को महासचिव बनाया गया है। जबकि वरुण गांधी को बाहर रखा गया है। पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह की टीम की औसत आयु जहां 57 साल थी, वहीं अमित शाह की टीम की औसत आयु 52 साल है। 

महासचिव जेपी नड्डा ने कहा है कि नई टीम नतीजे देने वालों की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार से पहली पीढ़ी (आडवाणी-मुरली मनोहर जोशी) को बाहर रखते हुए दूसरी पीढ़ी को आगे लाए थे। अब शाह अपनी टीम में तीसरी पीढ़ी को आगे लाए हैं।
 
भाजपा में अध्यक्ष के बाद सबसे महत्वपूर्ण पद महामंत्री का है। कुल 8 महासचिवों की घोषणा की गई है। इनमें  राम माधव, सरोज पांडे, भूपेंद्र यादव और राम शंकर कठेरिया पहली बार महासचिव बने हैं जो 60 से कम उम्र के हैं। उपाध्यक्ष पद पर भी शांता कुमार, कल्याण सिंह और एसएस अहलूवालिया की जगह कम उम्र के दिनेश शर्मा, रेणुदेवी, विनय सहस्त्रबुद्धे और रघुवर दास को जगह मिली है। 
 
मीडिया के जरिए भाजपा के चेहरे के रूप में पेश होने वाले युवाओं को विशेष जगह मिली है। दस में से पांच प्रवक्ताओं को पहली बार स्थान मिला है। ये हैं ललिता कुमारमंगलम, नलिन कोहली, डा. संबित पात्रा, अनिल बलूनी और जीवीएल नरसिम्हा राव। अमित शाह की टीम में उत्तर प्रदेश से 10 और दिल्ली से 9 लोगों को जगह मिली है। 
 
वरुण इसलिए बाहर: वरुण गांधी को शाह ने न सिर्फ महासचिव पद से हटाया बल्कि टीम में भी जगह नहीं मिली। सूत्रों का कहना है कि उन्होंने पिछले दिनों अपने भाषण में नरेंद्र मोदी का नाम नहीं लिया था और उनकी मां मेनका गांधी ने यूपी के सीएम मटेरियल के रूप में वरुण का नाम चलाया था। साथ ही बतौर महासचिव होते हुए वरुण ने पार्टी में खास योगदान नहीं दिया और कई बैठकों में भी शामिल नहीं होते थे। हालांकि चर्चा है कि वरुण को यूपी में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। 
 
सबसे युवा: संबित पात्रा, अनिल बलूनी (प्रवक्ता ) सरोज पांडे (महासचिव), श्रीकांत शर्मा, पूनम महाजन (सचिव)।  

सबसे उम्रदराज: बंगारू दत्तात्रेय, बीएस येदियुरप्पा, सत्यपाल मलिक। 
 
ऐसे बदलती गई पीढ़ी 
 
पहली पीढ़ी मार्गदर्शक: अटल-आडवाणी-मुरली की तिकड़ी सत्ता और संगठन से पूरी तरह बाहर होकर मार्गदर्शक की भूमिका में सीमित।  
 
दूसरी पीढ़ी सत्ता में: राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी अब सरकार में शामिल हैं। 

अब तीसरी पीढ़ी:  अमित शाह की नई टीम तीसरी कतार से निकले नेताओं की है। इनमें जेपी नड्डा, राजीव प्रताप रूडी, मुरलीधर राव, सरोज पांडे, राम माधव, भूपेंद्र यादव, ज्योति धुर्वे, पूनम महाजन, सुधांशु त्रिवेदी, संबित पात्रा, दिनेश शर्मा, शाहनवाज हुसैन जैसे नेता शामिल हैं।
मोदी के 54 साथी : 11 उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, 4 संयुक्त सचिव, 14 सचिव, 10 प्रवक्ता।
 
मोर्चा अध्यक्ष
महिला मोर्चा: विजया राठर।
युवा मोर्चा: अनुराग ठाकुर
अजा मोर्चा: दुष्यंत कुमार गौतम
अजजा मोर्चा: फग्गनसिंह कुलस्ते
अल्पसंख्यक मोर्चा: राशिद अंसारी
 
चौहान को मप्र, कौशिक को छत्तीसगढ़ की कमान
 
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने चार राज्यों में नए पार्टी अध्यक्षों के नामों की घोषणा भी कर दी है। सांसद नंद कुमार सिंह चौहान को मध्यप्रदेश, विधानसभा के पूर्व स्पीकर धर्मपाल कौशिक को छत्तीसगढ़, पूर्व राष्ट्रीय सचिव डॉ. तमिलिसाई सुंदरराजन को तमिलनाडु और लीगल सेल के पूर्व सह-संयोजक सिद्धार्थ भट्‌टाचार्य को असम का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाया गया है।