नवगछिया। बिहार के पिछडी जाति या अति पिछड़ी जाति के लोगों का कोई अगर शोषण करता है या उन्हे परेशान करता है तो इसकी जानकारी आप हमें दें। उन्हे सबक सिखाया जायेगा। चाहे मामला प्रखंड स्तर का हो या जिला स्तर का हो। अब ब्लाक में काम कराने के लिये चक्कर काटते काटते लोगों की चप्पल नहीं घिसेगी। जनता को परेशान करने वाले कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई भी की जायेगी।
उपरोक्त बातें बड़े ही कड़े लहजे में बिहार की पिछड़ी जाति एवं अत्यंत पिछड़ी जाति कल्याण मंत्री बीमा भारती ने कही है।उन्होने गुरुवार की शाम को नवगछिया स्थित बनारसी लाल सर्राफ कामर्स कालेज में आयोजित अपने अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कही। जिसकी अध्यक्षता इस कालेज के प्रभारी प्राचार्य प्रो0 बिजय कुमार मंडल कर रहे थे। जहां मौके पर कालेज के प्रभारी प्राचार्य ने मंत्री महोदया को अंग वस्त्र एवं अभिनंदन पत्र सौंपा। वहीं कालेज की तरफ से एक मांग पत्र भी प्रस्तुत किया गया। समारोह को स्थानीय विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल, विवि प्रतिनिधि डॉ0 अरुण कुमार झा, शिक्षाविद मृत्युंजय सिंह गंगा, प्रो0 शिव शंकर मण्डल, डॉ0 रमेश मोहन शर्मा आत्मविश्वास, प्रो0 राजेन्द्र शर्मा, सियाराम पोद्दार सिया इत्यादि ने भी संबोधित किया। जहां जिला पार्षद विजय मंडल, जदयू महासचिव रीता चौधरी, रुपौली प्रखण्ड की प्रमुख नीलम देवी, जदयू प्रदेश कार्य समिति सदस्य विमल देव राय, यमुनिया पंचायत के मुखिया संजय कुमार सहित दर्जनों प्रमुख लोग मौजूद थे।
इस समारोह मे जहां बीमा भारती ने केंद्र की सरकार को बिहार विरोधी के साथ साथ जन विरोधी सरकार करार दिया वहीं बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के साथ साथ पूर्व मुख्यमंत्री नितीश कुमार के कार्यों की जम कर तारीफ की। इसके अलावा कार्यकर्ताओं से लालू प्रसाद यादव, सोनिया गांधी, नितीश कुमार, जीतन राम मांझी, और शरद यादव के महागठबंधन के नेतृत्व में काम करने का अनुरोध करते हुए कहा कि सभी लोग दिल से दिल मिला कर कार्य करें। एक दूसरे को सम्मान दें तभी बिहार का और विकास संभव है। शिक्षा में सुधार दूर से ही दिखाता है। अस्पताल की हालत सुधरी है। बिजली की समस्या का भी हल जल्द हो जायेगा।