दिल्ली से आने में आरक्षण कोटा भी रहा बरकरार
भागलपुर सहित आस पास के जिला के लोगों के लिये काफी राहत भरी खबर है कि नवगछिया में राजधानी एक्सप्रेस की बंद हुई आरक्षण सुविधा को गुरुवार से पुनः बहाल कर दिया गया है। इसके साथ ही 11 सितम्बर की शाम से ही 12424 डाउन राजधानी एक्सप्रेस में दिल्ली से नवगछिया आने के लिये भी आरक्षण टिकट पहले की ही तरह से मिलने लगी है। जबकि 9 सितम्बर मंगलवार की शाम से दिल्ली जाने के लिए 12423 अप राजधानी एक्सप्रेस में पहले की तरह ही आरक्षण टिकट मिलने लगी थी ।
बताते चलें कि इस बार रेलवे ने 12424 डाउन राजधानी में नवगछिया का कोटा को पहले की तरह से बरकरार रखा है। जिसमें थर्ड एसी में 6, टू एसी में 4 तथा फर्स्ट एसी में 2 कोटा निर्धारित है। जबकि दिल्ली जाने के लिये थर्ड और टू एसी में मात्र इस समय दो दो बर्थ का ही कोटा है। जिसके बढ़ाने की मांग सभी राजनैतिक तथा गैर राजनैतिक व सामाजिक संगठनों ने की है।
इस आरक्षण के पुनः बहाल होने से नवगछिया सहित भागलपुर के भी हजारों लोगों में खुशी व्याप्त हो गयी है। जिसके ठहराव बंद होने की आशंका को लेकर सभी राजनैतिक दल के साथ साथ सामाजिक संगठन भी काफी चिंतित हो गये थे। सभी ने रेल राज्य मंत्री मनोज कुमार का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। साथ ही 12423 अप राजधानी एक्सप्रेस में भी नवगछिया के कोटा को बढ़ाने की मांग की है।