नवगछिया पुलिस की बड़ी सफलता: स्कॉर्पियो से ₹75 लाख का स्मैक बरामद, दो गिरफ्तार, स्कॉर्पियों जब्त
राजेश कानोड़िया, नवगछिया। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत आदर्श थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत एक स्कॉर्पियो से 75 लाख रुपये के 417 ग्राम स्मैक बरामद कर पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. साथ ही पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है.
नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. आठ मार्च को नवगछिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो वाहन से नवगछिया बाजार क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खेप किसी संदिग्ध व्यक्ति को आपूर्ति की जानी है. सूचना के सत्यापन के लिए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया. एसपी के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने मकंदपुर चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. जांच में नवगछिया बाजार की ओर से आ रहे एक स्कॉर्पियो वाहन को रोककर तलाशी ली गयी. तलाशी में वाहन के डैशबोर्ड में छिपा कर रखे गये प्लास्टिक के चार पैकेट बरामद किये गये. जब पैकेटों की जांच की गयी, तो उसमें कुल 417 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 से 75 लाख रुपये आंकी गयी है.
पुलिस ने वाहन में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ढोलबज्जा थाना क्षेत्र के ढोलबज्जा दियारा के मनीष कुमार तथा नवगछिया थाना क्षेत्र के राजेंद्र कॉलोनी के आयुष कुमार के रूप में की गयी है. पुलिस ने बरामद स्मैक के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है. इस मामले में दोनों आरोपितों के साथ वाहन चालक व वाहन मालिक के विरुद्ध नवगछिया थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाना था.