ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया के युवक की साहिबगंज में हत्या

साहिबगंज जिला स्थित मुंगेरी लाल के क्रशर पर छर्री लेने आए एक युवक की रविवार रात हत्या कर दी गई। जिरवाबाड़ी ओपी पुलिस ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल से उसका शव बरामद किया है। उसकी पहचान पुलिस जिला नवगछिया के गोपालपुर थाना अंतर्गत सैदपुर निवासी राजा कुंवर (20) के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर का सह चालक था।
जानकारी के मुताबिक रात्रि डेढ़ बजे तीन अज्ञात युवक राजा को घायल समझ सदर अस्पताल लेकर लाए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह जान तीनों युवक ठेला लाने की बात कह वहां से भाग निकले। बाद में अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना जिरबावाड़ी थाना प्रभारी राजेन्द्र राम को दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को जय प्रकाश यादव उर्फ मुंगेरी लाल के क्रशर से अस्पताल लाया गया था। प्रथमदृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। उसके पूरे शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। बाद में कहलगांव के आनादीपुर निवासी मृत्युंजय कुमार ने शव की पहचान की। सूचना मिलने पर राजा के माता-पिता भी सदर अस्पताल पहुंचे। वहां उसकी मां माला देवी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक उमेश शर्मा के साथ उनका बेटा साहिबगंज जय प्रकाश यादव के क्रशर से गिट्टी लाने के लिए गया था। जहां उसकी हत्या कर दी गई। बहरहाल, पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कानूनी कार्रवाई करने में जुट गई है।