नवगछिया बड़ी घाट ठाकुरबाड़ी में नौवें दिन भव्य महा रुद्राभिषेक, शिव महापुराण कथा और झूलनोत्सव में उमड़े श्रद्धालु
नवगछिया। बड़ी घाट ठाकुरबाड़ी परिसर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान के नौवें दिन संध्या काल में भव्य महारुद्राभिषेक और शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यज्ञ समिति के अध्यक्ष सह शिक्षाविद विश्वास झा ने सपरिवार मुख्य यजमान के रूप में महारुद्राभिषेक संपन्न किया। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच महादेव का दूध, दही, घी, मधु और गंगाजल से अभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना की गई। महारुद्राभिषेक के उपरांत आयोजित ज्ञान मंच से शिव महापुराण का वाचन करते हुए पूज्य संत सिया वल्लभ शरण महाराज जी ने नौवें दिन की संगीतमय कथा का विस्तार से विवरण प्रस्तुत किया। पूज्य महाराज जी ने शिव पुराण के गूढ़ रहस्यों को सरल भाषा में समझाते हुए भक्तों को शिव भक्ति की महिमा बताई। उन्होंने कहा कि महादेव अत्यंत भोले हैं, जो मात्र एक लोटा जल और बेलपत्र से भी प्रसन्न होकर अपने भक्तों के कष्ट हर लेते हैं।
वहीं दूसरी तरफ ठाकुरबाड़ी परिसर में झूलनोत्सव का भी आयोजन बेहद धूमधाम से किया गया। मनमोहक ढंग से सजाए गए झूले पर भगवान के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के बीच भगवान को झूला झुलाकर पुण्य लाभ कमाया। कथा और झूलनोत्सव के दोहरे आयोजन से पूरा ठाकुरबाड़ी परिसर शिवभक्तों के जयकारों और भजनों से गुंजायमान रहा। इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान और कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने में कौशलेन्द्र ठाकुर, कृष्ण भगत, शांतनु कुमार, सत्यम कुमार, सुंदरम कुमार, अविनाश कुमार उर्फ जैकी बाबा, मुकेश कुमार, विशाल कुमार सहित यज्ञ समिति के अन्य सभी सदस्य और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।