राजेश कानोड़िया, नवगछिया (भागलपुर)। इन दिनों चीनी काफी तेजी से चमक कर उछल रही है। इसकी चमक और उछाल अक्तूबर के अंत तक लगातार बढ़ते रहने की संभावना भी जताई जा रही है। घरेलू बाजार में जिसके कई कारण गिनाये जा रहे हैं। बहरहाल इसकी चमक और उछाल का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नवगछिया बाजार की किराना दुकानों में गुरुवार 20 अगस्त की सुबह इसके भाव 63 रुपए प्रति किलो बताया जा रहा था। जो शाम होते होते 70 रूपये प्रति किलो तक बिक गई। वहीं एक खुदरा दुकानदार ने बताया कि रक्षा बंधन तक इसके भाव सौ रुपए प्रति किलो तक जा सकते हैं। जबकि इस समय दिल्ली, मुम्बई और रायपुर में 64 तथा कानपुर और कोलकाता में 65 रुपए प्रति किलो बिक रही थी।
वहीं खुदरा किराना दुकानदारों का कहना है कि त्योहारी मौसम होने के कारण चीनी की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। साथ ही इसकी आवक घटती जा रही है। वर्तमान में बाजार विश्लेषकों का अनुमान है कि आगामी त्योहारी सीजन (गणेशोत्सव, नवरात्रि, दिवाली) के कारण मांग बहुत मजबूत रहेगी, जिससे कीमतों पर दबाव बना रहेगा।
जानकारों का मानना है कि इधर सरकार द्वारा उठाए गए कड़े कदमों के बाद बाजार में सितंबर के पहले या दूसरे हफ्ते से खुदरा कीमतों में राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। सरकार द्वारा 10 लाख टन कच्ची चीनी के ड्यूटी-फ्री (शुल्क मुक्त) आयात को मंजूरी मिलने से सितंबर के अंत और अक्टूबर (दिवाली के समय) तक खुदरा बाजार में चीनी वापस ₹45 से ₹48 प्रति किलो के सामान्य स्तर पर आ सकती है।