ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया के राघोपुर में 21 मजदूरों से भरी नाव पलटी, दो लापता, ठेकेदार की लापरवाही आई सामने: डीएम

नवगछिया के राघोपुर में 21 मजदूरों से भरी नाव पलटी, दो लापता, ठेकेदार की लापरवाही आई सामने: डीएम
नवगछिया (भागलपुर)। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया (भागलपुर) में खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर में गंगा कटाव निरोधी कार्य के दौरान 21 मजदूरों से भरी नाव के पलट कर डूबने की घटना के बाद भागलपुर जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने तुरंत घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर पहुंचकर डीएम ने जारी बचाव कार्यों की समीक्षा की और स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

घटना के कारणों की जानकारी देते हुए डीएम अलंकृता पांडे ने बताया है कि गंगा नदी की तेज धारा और अचानक बने भंवर में फंसने के कारण नाव अनियंत्रित होकर डूब गई। उन्होंने इस पूरे हादसे में संवेदक (ठेकेदार) की घोर लापरवाही की बात कही। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की गई थी और खतरे के बीच काम कर रहे किसी भी मजदूर को लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं कराया गया था।

डीएम ने बताया कि नाव पर सवार कुल 21 लोगों में से 19 मजदूरों को तत्परता से सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 2 मजदूर (बादल मंडल और सिकंदर मंडल) अभी भी लापता हैं। लापता मजदूरों की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और गोताखोरों की टीम द्वारा गंगा में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।