नवगछिया: बड़ी ठाकुरबाड़ी में महारुद्र यज्ञ व शिव महापुराण कथा के पांचवें दिन उमड़ी भीड़
नवगछिया। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बड़ी घाट ठाकुरबाड़ी में लगातार 12वें वर्ष आयोजित अभिषेकात्मक महारुद्र यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। यज्ञ में कथा वाचक पूज्य संत सिया वल्लभ शरण महाराज जी अपने मुखारविंद से शिव महापुराण की अमृत वर्षा कर रहे हैं। कथा के दौरान महाराज जी ने शिवभक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। अनुष्ठान के तहत बड़ी ठाकुरबाड़ी में प्रतिदिन दोपहर एवं शाम के समय वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रुद्राभिषेक किया जा रहा है। इसके पश्चात संध्या काल में भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हो रहे हैं। वहीं पीड़ित मानवता की सेवा के लिए संत सिया वल्लभ शरण जी महाराज द्वारा प्रतिदिन दोपहर 11:00 से 12:00 बजे तक निशुल्क भाग्य वाचन व ज्योतिष परामर्श भी दिया जा रहा है। इसमें लोग अपनी समस्याओं के समाधान और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में भोला शर्मा, सत्यम कुमार, चंदन सिंह, कृष्ण भगत, प्रवीण भगत, विश्वास झा, कौशलेंद्र ठाकुर, अविनाश मिश्र, विशाल झा, आदित्य झा सहित यज्ञ समिति के सदस्य मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।