ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

कहलगांव विधायक ने जिला स्तरीय बैठक में दिया इस जगह नया एयरपोर्ट बनाने सहित कई अन्य सुझाव

कहलगांव विधायक ने जिला स्तरीय बैठक में दिया इस जगह नया एयरपोर्ट बनाने सहित कई अन्य सुझाव 
नव-बिहार समाचार, भागलपुर। स्थानीय समीक्षा भवन में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय एवम अनुश्रवण समिति (दिशा) की शुक्रवार को हुई बैठक में कहलगांव के विधायक पवन यादव ने बताया कि गोराडीह प्रखंड में गौशाला की 475 एकड़ जमीन है। उक्त जमीन एवं उसके आसपास की जमीन का अधिग्रहण कर नया एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा जा सकता है। 
इसके अलावा कहलगांव विधानसभा के तीनों प्रखण्ड क्रमशः गोराडीह, कहलगांव, सन्हौला के अधूरे पड़े नल जल योजना को पुरा कराने एवम खराब पड़े मोटर आदि की मरम्मत कराने का मामला उठाया साथ ही कहलगांव नगर की जर्जर सड़क का मामला भी उठाया। साथ ही साथ प्राथमिक विद्यालय आमापुर पकड़तल्ल को मूल विद्यालय में शिफ्ट करने तथा सन्हौला के बारी आदर्श उच्च विद्यालय के जर्जर भवन का मामला उठाते हुए नया भवन निर्माण की आवश्यकता बताई।
इस बैठक में विधायक पवन यादव ने जरूरतमंदों का नया राशन कार्ड बनाने एवं पूर्व के अनेकों ऐसे राशन कार्ड है। जो बनाने के वक्त आवेदक ने आवेदन के साथ पूरे परिवार का आधार कार्ड की फोटो कॉपी एवं नाम भर कर दिया था। मगर राशन कार्ड पूरे परिवार के बजाय परिवार के केवल एक सदस्य के नाम से बना है। वैसे राशन कार्ड में पूरे परिवार का नाम जोड़ने का मामला उठाया।
इसके अतिरिक्त झारखंड से आने वाली ओवर लोडेड गाड़ियों एवं माइनिंग चालान का मामला भी उठाया और बताया कि इससे सड़क एवं राज्य सरकार के राजस्व को नुकसान हो रहा है। साथ ही एनटीपीसी से कहलगांव शहर एवं आसपास को जोड़ने वाली जर्जर सड़क का मामला उठाया। साथ ही बैठक में लिखित रूप से पत्र देकर बताया कि भागलपुर जिले की सबसे प्रमुख एवं जटिल समस्या जर्जर NH80 और इस पर लगने वाले जाम की है। जिसके निवारण हेतु सड़क चौड़ीकरण के दोबारा टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मगर वन विभाग से एनओसी आदि प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण निर्माण प्रारंभ नहीं हो सका है। सारी बाधाओं को दूर कर जल्द NH80 के चौड़ीकरण सहित निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।
कहलगांव विधायक पवन यादव ने बताया कि मुंगेर मिर्जाचौकी नई फोरलेन सड़क में किसानों की ली गई जमीन का मुआवजा सारी कागजी प्रक्रिया किसानों द्वारा पूर्ण करने के बाद भी समय पर नहीं मिल पा रहा है। साथ ही संबंधित पदाधिकारी द्वारा किसानों के खाते में मुआवजे की राशि भेजने के बदले कमीशन की मांग की जाती है। इस मामले पर बारीकी से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो एवं अधिग्रहित जमीन का मुआवजा किसानों को जल्द से जल्द मिले। जिससे फोरलेन सड़क का निर्माण तीव्र गति से समय पर पूरा हो।
कहलगांव नगर में सम्राट अशोक भवन का निर्माण  स्वीकृति के बाद भी अंचल कार्यालय द्वारा कृषि विभाग की जमीन के एन ओ सी के लिए जिला प्रशासन को भेजे गए प्रस्ताव पर स्वीकृति नहीं मिल पाने के कारण लंबित है। एनओसी की प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण प्रारंभ कराया जाए।
कहलगांव नगर के नालों का पानी गंगा में गिरने से प्रदूषित हो रही गंगा नदी को बचाने के लिए स्वीकृत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के जमीन आदि प्रक्रिया को जल्द पूरी कराकर निर्माण प्रारंभ कराया जाए। 1857 में स्थापित कहलगांव नगर पंचायत का क्षेत्रफल सटे इलाकों को जोड़कर विस्तारित करते हुए नगर परिषद बनाने का प्रस्ताव संबंधित विभाग एवं सरकार को भेजा जाए।
गंगा कटाव वाले इलाके इंग्लिश, तौफील, अठावन, आदि इलाकों में कटाव निरोधक कार्य कराते हुए बाढ़ आने के पूर्व बाढ़ ग्रस्त इलाकों में मुकम्मल तैयारी की जाए।
कहलगांव नगर स्थित श्मशान घाट में जमीन अधिग्रहण कर विद्युत शवदाह गृह का निर्माण कराया जाए।
सन्हौला प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र के 9 पंचायत को मिलाकर सनोखर को नया प्रखंड बनाने का प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजा जाए।