ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

राज्य में विकास के साथ समाज सुधार भी जारी- नीतीश कुमार

नव-बिहार न्यूज एजेंसी (NNA), भागलपुर/पूर्णिया : राज्य में विकास के साथ साथ समाज सुधार के भी प्रयास हो रहे हैं। इसके तहत सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान भी चल रहा है। कुप्रथाओं के खिलाफ हाथ से हाथ मिलाएं। ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को विकास समीक्षा यात्रा के क्रम में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित उधाडीह और पूर्णिया जिले के जलालगढ़ स्थित बेगमपुर में मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करते हुए कहा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शराबबंदी पर बनाई गई मानव श्रृंखला में चार करोड़ से अधिक लोग शामिल हुए थे। अब बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ 21 जनवरी को मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। इसमें राज्य के सभी वर्गो के लोग शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि अब अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ शिकायत मिलने पर एक से डेढ़ घंटे में कार्रवाई होगी। इसके लिए सरकार एक मोबाइल नंबर जारी करेगी। इस नंबर को एक महीने के अंदर बिजली के खंभों पर भी प्रचारित करवाया जाएगा। अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ आधुनिक तंत्र का विकास किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि महिलाओं के सुझाव पर ही शराबबंदी, दहेज प्रथा उन्मूलन और बाल विवाह रोकने का अभियान शुरू किया गया। उन्होंने लोगों से दहेज वाली शादियों में भाग नहीं लेने और कुरीतियों के खिलाफ मानव श्रृंखला में भाग लेने की अपील की।

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर लोन देने में बैंक कोताही बरतते हैं। छात्रों को सहयोग देने के लिए सरकार अगले वित्तीय वर्ष से वित्त निगम का गठन कर रही है। इसके माध्यम से छात्रों को लोन देने की व्यवस्था की जाएगी। भागलपुर की सभा को राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सुबोध राय, कहकशां परवीन व मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दौरान जहां भागलपुर में 223 करोड़ की 660 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। वहीं पूर्णियां में 438.15 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।