भागलपुर में बर्ड फ्लू से 10 दिनों में 2700 मुर्गे व मुर्गियों की हो गई मौत, चिकन - अंडे बेचने पर रोक
नवगछिया में बिक रहे हैं मुर्गे मुर्गियां
नव-बिहार समाचार, भागलपुर। जिले के बरारी स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र के मुर्गे-मुर्गियों में बर्ड फ्लू संक्रमण (एचएन1 ) की पुष्टि होने के बाद पशुपालन विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। पिछले दस दिन में यहां मुर्गे- मुर्गियों 2700 मुर्गियों की मौत हो चुकी है। कुक्कुट प्रक्षेत्र को संक्रमित जोन घोषित करते हुए परिसर पर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। अभी यहां सिर्फ विभागीय चिकित्सकों व अधिकारियों का ही प्रवेश होगा। शनिवार को पटना से आई विशेषज्ञों की देखरेख में 8 रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) ने 6074 अंडें नष्ट किए व 627 चूजों को मारा। इसी के साथ वार्ड संख्या 27, 28 व 29 में चिकन व अंडों के आंकड़े को एकत्रित किया जा रहा है। रविवार को इन वार्डों में कलिंग व सेनेटाइजेशन का कार्य कराया जाएगा। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सुरक्षात्मक निर्देश जारी किए हैं।
क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र बरारी में मुर्गे-मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद शनिवार को पटना से पशु विशेषज्ञों व चिकित्सकों का दल भागलपुर शहर पहुंच गया है। इनलोगों ने कुक्कुट प्रक्षेत्र व आसपास के इलाकों का दौरा भी किया। रविवार से वार्ड 27 से 29 में पक्षियों का मारने व सैनिटाइजेशन का अभियान चलाया जाएगा। बरारी के एक किलोमीटर की परिधि को संक्रमित जोन घोषित किया गया है। इस इलाके में जिनके घरों में मुर्गा-मुर्गी या अंडा है, उन्हें नष्ट किया जाएगा। सरकार पक्षी पालकों को मुआवजा भी देगी। लेकिन मुआवजा कितना मिलेगा, यह बाद में तय होगा।
भागलपुर शहर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद लोगों ने ऐहतियातन चिकन व अंडों को खरीदना बंद कर दिया है। बरारी समेत कई जगहों पर इसकी दुकानें बंद रहीं। जहां दुकानें खुली रहीं वहां ग्राहक नहीं के बराबर पहुंचे। दुकानदारों ने भी अंडों के काउंटर बाहर नहीं निकाले । जेल रोड में चिकन की दो दुकानों में एक खुली और एक बंद थी। एक दुकानदार ने बताया कि रोजाना 35 किलो तक औसतन चिकन की बिक्री होती थी पर शनिवार को 3 किलो ही बिका। उल्टा पुल के नीचे अंडे का व्यापार करने वाले दुकानदार ने बताया कि 70 फीसदी फुटकर व्यापारी अंडा लेने नहीं आए। शनिवार को दुकानों के केज में इक्का-दुक्का पक्षी ही दिखे।
बताते चलें कि भागलपुर जिला अंतर्गत नवगछिया के बाजारों में भी मुर्गे मुर्गियों, चिकन एवं अंडों की दर्जनों दुकानें संचालित हैं। जहां भागलपुर से ही अधिकांश मंगा कर बेचा जाता है। यहां से किसी प्रकार की जांच या रोक की जानकारी नहीं मिली है।






