नवगछिया पुलिस ने किया स्कार्पियो लूट कांड का खुलासा, गाड़ी सहित 3 गिरफ्तार, कई समान जब्त
नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। पुलिस जिला नवगछिया के भवानीपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत चकरामी गांव में पुलिस बन कर स्कार्पियो ले भागने वाले ठगों के गिरोह का नवगछिया के एसपी ने खुलासा कर दिया है। 
इस मामले में पुलिस ने सिवान जिले के बरहिरया थाना क्षेत्र के नवलपुर के गुंजबिहारी यादव, पटना जिले के अथमलगोला कासिमदाही का मृत्युंजय कुमार, सिवान जिले के भैरवा के भरत कुमार उर्फ भरत पासी को गिरफ्तार कर लिया है। 
साथ ही पुलिस ने तीनों के पास से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी, लूटी गई वादी का स्कॉर्पियो गाड़ी, तीन वॉकी टॉकी वायरलेस सेट, छह मोबाइल, दो कलाई घड़ी, एक ड्राइवरी लाइसेंस, दो एक्सिस कंपनी का एटीएम, दो बैंक ऑफ इंडिया का मास्टर कार्ड भी बरामद किया है।
नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने नवगछिया पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी देते हुए बताया कि 18 मार्च को चकरामी के अमित कुमार मंडल के दरवाजे पर छह अपराधकर्मी आये और बोले कि हमलोग पटना पुलिस सीआइडी उड़नदस्ता से आये हैं। आपने यह स्कॉर्पियो मो साइन से खरीदा है। इस गाड़ी से किडनेपिंग हुआ है, यह वाहन फर्जी है। इस नंबर की असली गाड़ी स्टेशन पर लगी है। 
वाहन मालिक को झांसे में लेने के लिए अपराधियों ने स्कॉर्पियो पर अमित के स्कॉर्पियों का नंबर चस्पा कर स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गये। घटना की प्राथमिकी भवानीपुर ओपी में दर्ज कर ली गयी और पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया था। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान करते हुए तीनों आरोपितों को धर दबोचा और दो वाहन समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी भी की। 
छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार, बसंत कुमार, चनवीर यादव, किशोर कुमार रजक, बंटी कुमार, गृहरक्षक रामकुमार यादव और जिला अनुसंधान इकाई की टीम शामिल थी। एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस कर्मियों ने अच्छा काम किया है। छापेमारी दल में शामिल सभी पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जायेगा। कांड के अन्य आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जायेगा और स्पीडी ट्रायल चलवा अपराधियों को जल्द सजा दिलायी जायेगी।