ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

विक्रमशिला सेतु पर पुनः भीषण जाम की संभावना, लोग हो रहे परेशान

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क, नवगछिया/ भागलपुर : पूर्व बिहार को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु पर छठ पूजा को लेकर अगले दो तीन दिनों तक भीषण जाम की संभावना बनी हुई है। लोक आस्था के इस महापर्व छठ के दौरान गंगा स्नान (नहाय-खाय) का भी काफी बड़ा महत्व माना जाता है। इस दौरान हजारों की संख्या में महिला श्रद्धालु अहले सुबह से ही गंगा स्नान को उमड़ पड़ती हैं। जिसकी वजह से सेतु पर तथा सेतु मार्ग में यत्र तत्र वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।

बताते चलें कि कल रविवार को छुट्टी के दिन भी तीन घंटे से अधिक लगे जाम से लोग त्रहिमाम करते रहे। गंगा स्नान करने के लिए आने वाले लोगों के लिए सड़क किनारे ऑटो एवं अन्य वाहन खड़ा करने की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हो गई थी। जाम के कारण सेतु पर सुबह दस बजे से एक बजे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

इस जाम के कारण नवगछिया से भागलपुर आने-जाने वालों को पैदल ही पुल पार करना पड़ा। खासकर महिलाएं, इलाज के लिए आने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। हैरानी की बात यह थी पुल पर काफी देर तक ट्रैफिक की कमान संभालने के लिए कोई जवान मौजूद नहीं थे।

विक्रमशिला सेतु पर रविवार को वाहन रेंगते दिखे। जवानों के काफी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। मगर रह रहकर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। भागलपुर से नवगछिया की दूरी महज 30 किलोमीटर है मगर यह दूरी तय करने में तीन घंटे से ज्यादा का समय लोगों को लगा। भागलपुर स्टेशन से और नवगछिया स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों के रविवार का दिन काफी कष्टप्रद रहा। कई लोग सुबह सुबह जाम के डर से निकल गए। मगर पुल पर जाते ही वे लंबे जाम की जद में आ गए। सभी अपने अपने फोन पर हर मिनट ट्रेन के समय की जानकारी ले रहे थे। ताकि उनकी ट्रेन छुटे नहीं। वहीं कुछ लोगों की ट्रेन जाम की वजह से भी छुटी है।