ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

छठ पूजा: पटना में गंगा किनारे तैयार हुए 101 घाट, जहां ये हैं मूलभूत सुविधाएं

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क, पटना । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजधानी पटना में गंगा किनारे 101 घाट अर्घ्य देने के लिए तैयार हैं। सभी घाट और रास्ते रविवार की रात रोशनी से जगमग हो गए। अशोक राजपथ और उससे जुड़ी सड़कें जगह-जगह रोशनी से नहाने लगीं हैं। चेंजिंग रूम, यूरिनल, शौचालय, वाच टॉवर, नियंत्रण कक्ष, यात्री शेड आदि का काम भी पूरा कर लिया गया है। बैरिकेडिंग भी लगभग पूरी हो गई है। दानापुर से पटना सिटी के बीच 20 किमी लंबे गंगा तट पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है।

गंगा तट पर बने 101 घाटों में 107 स्थानों पर नियंत्रण कक्ष, 598 चेंजिंग रूम, 198 वॉच टावर, दस यात्री शेड, 294 शौचालय, 577 यूरिनल और 96 हैंड पंप लगाए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टिकोण से घाटों को 21 सेक्टर में बांटा गया है। गंगा तट वाले घाटों पर 512 दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। जिले के अन्य हिस्सों में इसके अतिरिक्त दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं।

दानापुर अनुमंडल में पांच, पटना सदर अनुमंडल में 36 और पटना सिटी अनुमंडल में 60 घाट हैं। प्रत्येक घाट पर व्रतियों के मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। दीघा से महेंद्रू के बीच में गंगा शहर से दूर हैं। यहां गंगा तट तक जाने का रास्ता भी बनाया गया है। रास्ते पर भी लाइटें लगी हैं। चेंजिंग रूम पूरी तरह से तैयार हो गया है। डबल कपड़ा लगाया गया है। हैंड पंप से पानी निकलने लगा है। जगह-जगह पर पानी के टैंकर भी रखे हुए हैं।

100 नावों से होगी गश्ती

जिला प्रशासन ने प्रत्येक घाट पर दंडाधिकारी के साथ फोर्स की तैनाती की है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम गंगा नदी में गश्ती करते रहेगी। इसके साथ गोताखोर भी घाटों पर तैनात किए गए हैं। ये करीब 100 नावों से गश्ती करेंगे। प्रत्येक घाट पर निबंधित नावों को भी आपातकाल में निपटने के लिए तैनात किया गया है।

प्रत्येक घाट पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी, फोर्स, बिजली, नगर निगम, गोताखोर और बुडको के प्रतिनिधी होंगे। डॉक्टरों की टीम जीवन रक्षक दवाओं और एम्बुलेंस के साथ तैनात रहेगी।

जिलाधिकारी पटना संजय कुमार अग्रवाल ने कहा है कि छठ घाटों को समय रहते तैयार कर लिया गया है। 26 अक्टूबर को पहला अर्घ्य है। अब देखा जाएगा कि क्या कमियां रह गई हैं। जो कमियां होंगी उन्हें इस बीच दुरुस्त किया जाएगा।

घाटों पर ये हैं सुविधाएं

598 चेंजिंग रूम

577 यूरिनल

294 शौचालय

198 वाच टॉवर

107 नियंत्रण कक्ष

96 हैंड पंप

10 यात्री शेड