ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर की नगर बस सेवा से जुड़ेगा नवगछिया, कहलगांव और सुल्तानगंज : सम्राट चौधरी


27.45 करोड़ की लागत से नगर निगम क्षेत्र की 165 विभिन्न योजनाओं का किया शिलान्यास 
भागलपुरवासियों का मेट्रो या मोनो रेल पर सफर का सपना जल्द ही पूरा होगा. नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है. नगर निगम क्षेत्र में 27.45 करोड़ की लागत से 165 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास करने के दौरान टाउन हॉल में आयोजित समारोह को नगर विकास एवं आवास मंत्री सम्राट चौधरी उर्फ राकेश कुमार ने संबोधित करते हुए यह खुलासा किया. 
उन्होंने बताया कि पटना के बाद मेट्रो या मोनो रेल शुरू करने के लिए भागलपुर को ही चयनित किया गया है. शिलान्यास में उन्होंने नगर निगम पार्षदों, कर्मचारियों व भागलपुरवासियों को कई सौगात दी. इस मौके पर भागलपुर के विधायक अजीत शर्मा, सुलतानगंज के विधायक सुबोध राय, नगर परिषद सुलतानगंज की अध्यक्ष दयावती देवी, नगर पंचायत नवगछिया की अध्यक्ष इंदिरा देवी, नगर निगम की उप महापौर प्रीति शेखर, महादलित आयोग के सदस्य संजय राम, नगर आयुक्त अवनीश कुमार, नगर सचिव देवेंद्र सुमन, जदयू  के राज्य उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत मंडल, कुणाल किशोर आनंद, कृष्णा सिंह, नगर निगम के सभी पार्षद व कर्मचारी उपस्थित थे. 
नगर विकास मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि पटना में नगर बस सेवा शुरू हो चुकी है और अब भागलपुर की ही बारी है. उन्होंने घोषणा की कि 31 दिसंबर से पहले नगर बस सेवा शुरू हो जायेगी. इसमें निगम की अपनी बस होगी, जो नवगछिया, सुलतानगंज व कहलगांव तक का भी सफर तय करेगी. बाद में बस सेवा शुरू करने को लेकर सड़क अतिक्रमण, अव्यवस्थित यातायात आदि को लेकर आनेवाली परेशानी के संबंध में पूछने पर उन्होंने तत्काल नगर आयुक्त को बुला कर शहर में अतिक्रमित स्थानों को चिह्नित करते हुए लगातार अभियान चला कर उसे हटाने का निर्देश दिया. उन्होंने इस अभियान को तत्काल शुरू करने को कहा, ताकि आनेवाले पर्व त्योहार के दौरान भी लोगों को जाम से मुक्ति मिल सके. उन्होंने जोर देकर कहा कि 31 दिसंबर तक नगर बस सेवा अवश्य शुरू होगी.