ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत


कांग्रेस नेता शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत हो गई है। उनका शव दक्षिणी दिल्ली स्थित लीला होटल के एक कमरे में पाया गया है। बताया जाता है कि सुनंदा पुष्कर ने आत्महत्या की है। कमरा नंबर 345 में उनका शव मिला है। शशि थरूर केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री हैं। खबर यह भी है कि सुनंदा की मौत संदिग्धावस्था में हुई है।

सूत्रों की मानें तो सुनंदा ने गुरुवार को लीला होटल में कमरा बुक कराया था। शशि थरूर को होटल स्टाफ से उनकी पत्नी सुनंदा के मौत की खबर मिली। इसके बाद थरूर ने पुलिस को अपनी पत्नी की मौत के जानकारी दी। थरूर को सुनंदा की मौत के बारे में जानकारी नहीं थी। सुनंदा ने खुदकुशी की है अथवा मामले में कुछ और है, इस बारे में पुलिस का कहना है कि अभी इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया, 'हमें खबर मिली की होटल के 345 नंबर कमरे में सुनंदा पुष्कर का निधन हो गया है।' भगत ने कहा कि मामले की जांच एसडीएम करेंगे।

पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज इकट्ठा कर रही है। पुलिस इस बात की जांच करेगी कि सुनंदा से कौन-कौन मिलने आया। सुनंदा पुष्कर की बॉडी लैंग्वेज क्या थी।

शशि थरूर के पीएस अभिनव कुमार ने बताया कि सुनंदा गुरुवार सुबह होटल पहुंची थीं। सुनंदा का शव बिस्तर पर पाया गया। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और फोरेंसिक सबूत जुटा रही है।

पीएस का कहना है कि सुनंदा और थरूर गुरुवार से इस होटल में ठहरे हुए थे। एआईसीसी की बैठक खत्म होने के बाद शाम साढ़े आठ बजे के करीब शशि थरूर होटल पहुंचे। जब वह स्वीट में पहुंचे तो देखा कि सुनंदा की मौत हो गई है। पुलिस को करीब पौने नौ बजे सुनंदा की मौत के बारे में सूचना दी गई। होटल के डॉक्टर भी वहां मौजूद थे।

इस बीच, पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार ने ट्वीट किया है, 'ओह माई गॉड!' 

सुनंदा और थरूर के बीच साल 2010 में शादी हुई थी। दोनों की यह तीसरी शादी थी। घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि सुनंदा की मौत किन कारणों से हुई है, उसके बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस अभी इस मामले में चुप्पी साधे हुए है।

ज्ञात हो कि केंद्रीय मंत्री शशि थरूर को लेकर पिछले दिनों एक सनसनीखेज विवाद सामने आया है। उनकी पत्‍नी सुनंदा पुष्‍कर ने बुधवार को कथित तौर पर आरोप लगाया कि उनके पति (शशि थरूर) का एक पाकिस्‍तान आधारित महिला पत्रकार के साथ संबंध (एक्‍सट्रा मेरिटल अफेयर) है।

एक दैनिक के साथ बातचीत में सुनंदा ने कहा कि अब वह थरूर से `तलाक` लेना चाहेंगी। सुनंदा का यह बयान उस समय सामने आया, जब थरूर ने यह दावा किया कि उनका ट्वीटर अकाउंट हैक कर लिया गया है। गौर हो कि कुछ विवादित ट्वीट को बुधवार शाम इस अकाउंट के जरिये पोस्‍ट किया गया, जिससे फॉलोवर्स हैरान रह गए। इस ट्वीट में एक पाकिस्‍तानी पत्रकार मेहर तरार से संबंधित था। हैक करने के बाद इस एकाउंट से एक पाकिस्तानी पत्रकार को कुछ गलत संदेश भी भेजे गए हैं। इन संदेशों से तुरंत ही सोशल मीडिया में तहलका मच गया। 

हालांकि बाद में सुनंदा और थरूर ने कहा कि उनके बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है और दोनों ने मीडिया से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की थी।