ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

सैदपुर की महिला सरपंच ने अपने मुखिया पर लगाया पिटाई का आरोप


नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत गोपालपुर प्रखण्ड के सैदपुर पंचायत की महिला सरपंच ने अपने ही पंचायत के मुखिया राजेन्द्र सिंह पर मारपीट व उसे निर्वस्त्र करने के आरोप का मामला सामने आया है। घटना स्थल महिला का गांव गोढ़ीयारी है। इस मामले की शिकायत गुरुवार को महिला सरपंच ने एसपी शेखर कुमार से मिलकर की है।
आवेदन के अनुसार बुधवार की रात मुखिया राजेंद्र सिंह अपने गुर्गो के साथ गोढ़ीयारी गांव आए। यहां आकर सरपंच सुलोचना देवी के साथ मारपीट व घर में लूटपाट करने लगे। बीच बचाव करने आए उनके दो पुत्रों विभाष व दिलीप के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान मुखिया व उसके गुर्गो ने महिला को निर्वस्त्र भी कर दिया। सरपंच ने तत्काल इसकी सूचना थाने में जाकर दी। लेकिन थानाध्यक्ष द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया। तब वह नवगछिया एसपी के पास पहुंची और आवेदन सौंप न्याय की गुहार लगाई।

आवेदन के अनुसार मुखिया द्वारा सरपंच को बराबर किसी न किसी बात को लेकर धमकी दी जाती रही है। इसको लेकर पूर्व में भी थाने में शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मुखिया के खिलाफ नवगछिया न्यायालय में भी एक सनहा दर्ज कराया है। गुरुवार को एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष ने इस मामले में मुखिया समेत पंचयात समिति के पति छोटे लाल सिंह, मुखिया पुत्र विकास कुमार सहित कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्राथमिकी बाद एएसआई जेएस पांडेय ने गांव जाकर घटना की गहन जांच की।