ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बेतिया में जिला पार्षद की गोली मारकर हत्या, उपद्रव


बेतिया-नवलपुर मुख्य मार्ग पर दुबौलिया मोड़ के समीप शनिवार की सुबह बाइक सवार दो अपराधियों ने जिला पार्षद सह योगापंट्टी की प्रखंड प्रमुख नजमा खातून के पति मो.गाजी मियां को गोली मार कर हत्या कर दी। योगापंट्टी प्रखंड के बहुअरवा गांव निवासी मो.गाजी राजद के जिला उपाध्यक्ष भी थे। वे प्रखंड प्रमुख रह चुके थे। घटना के वक्त वे अपने एक करीबी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पेट में गोली लगने से बुरी तरह जख्मी जिला पार्षद को तत्काल एमजेके अस्पताल ले जाया गया जहां आपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई। हत्या से नाराज लोगों ने योगापंट्टी व जिला मुख्यालय में भी काफी उपद्रव मचाया।
उग्र भीड़ ने बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पकड़ीहार चौक, मिश्रौली चौक, मनुआपुल व घटनास्थल के समीप सड़क जाम कर जमकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। भीड़ ने कई वाहनों के शीशे भी तोड़ डाले। आवागमन बाधित होने से सडकों पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। वहीं अस्पताल परिसर में भी काफी देर तक हंगामा होता रहा। लोगों की मांग पर एसपी सुनील नायक मेघावत ने योगापट्टी के थानाध्यक्ष वैद्यनाथ चौधरी को हटा दिया है। साथ ही गाजी के साथ बाइक पर सवार पिपरपाती निवासी अनिल ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी ने 24 घंटे के अंदर अपराधियों को पकड़ लेने के आश्वासन दिया है। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी मची रही। परिजनों के मुताबिक मो.गाजी किसी मामले में पंचायत के लिए अनिल के साथ योगापंट्टी थाने गए थे और वहां से लौट रहे थे। बाइक अनिल ही चला रहा था। उनके पेट में छह गोली लगी। आक्रोशित लोगों ने एसपी के समक्ष आरोप लगाया कि इस घटना को चोरही बरियारपुर निवासी दिनेश यादव ने अंजाम दिया है और इसमें मो.गाजी को बाइक पर ले जाने वाले अनिल की भी संलिप्तता है। एसपी ने बताया कि अनिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अपराधियों की टोह में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई थी।