ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

हुंकार रैली के जरिए कुछ अजूबा करने की कोशिश में भाजपा


हुंकार रैली (27 अक्टूबर) के बहाने भाजपा कुछ अजूबा करने की कोशिश कर रही है। यह पहली बार होगा जब पटना में आयोजित किसी बड़ी रैली में 'त्रिमूर्ति' के दर्शन नहीं होंगे। यानी अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और डा. मुरली मनोहर जोशी में से कोई भी हुंकार रैली में शामिल नहीं होंगे। राज्य इकाई ने दिल्ली या दूसरे प्रदेश के नेताओं को न्योता देने का जिम्मा केंद्रीय नेतृत्व को दिया था। इस रैली के केंद्र में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। यह भी पहली बार होगा जब भाजपा शासित किसी राज्य के मुख्यमंत्री को यह सम्मान मिलेगा। इससे पहले चुनाव में प्रचार के लिए भाजपा शासित दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री आते रहे हैं। लेकिन, उन्हें मोदी जैसा सम्मान नहीं मिला। हुंकार रैली में भाजपा आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने जा रही है। फिलहाल एसएमएस से आम लोगों को रैली में शामिल होने का न्योता दिया जा रहा है। रैली के दिन इंटरनेट के जरिए सीधा प्रसारण होगा। गांधी मैदान में दूर बैठे लोगों को मंच का सीन एलइडी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। पटना में रैली के प्रचार के लिए बड़े पैमाने पर होर्डिग्स लगाए गए हैं। तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। तोरण द्वार के लिए नगर निगम से इजाजत ली गई है। निर्धारित शुल्क का भुगतान भी किया गया है। भाजपा के विधायक और दूसरे नेता शादी-विवाह की तरह आमंत्रण पत्र बांट रहे हैं। पहले की रैलियों में भाजपा के समर्थक अपने साधनों के जरिए आते थे। इस बार उनके लिए छोटी-बड़ी गाड़ियों के अलावा रेल गाड़ियों का इंतजाम भी पार्टी की ओर से किया गया है। गाड़ियों की पार्किंग के लिए राजधानी के दो दर्जन मैदान बुक कराए गए हैं। गांधी मैदान और विधायकों के आवास पर ठहरने के साथ-साथ नाश्ता और भोजन का भी इंतजाम किया गया है।
-हुंकार रैली के प्रचार के लिए भाजपा नावों का भी सहारा ले रही है। विधायक नित्यानंद राय 25 अक्टूबर को भद्र घाट से इसकी शुरूआत करेंगे। वे गंगा किनारे बसे लोगों को रैली में आने का आमंत्रण देंगे। प्रवक्ता संजय मयूख के मुताबिक रैली में शामिल होने के लिए भी लोग नाव से आएंगे।
-मोटरसाइकिल सवारों का जत्था भी रैली में पहुंचेगा। सोनपुर, हाजीपुर और पटना के आसपास के इलाके से पांच हजार से अधिक मोटरसाइकिल सवारों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।
-मुख्यमंत्री की हैसियत से नरेंद्र मोदी दूसरी बार गांधी मैदान में भाजपा की रैली को संबोधित करेंगे। इससे पहले जून 2010 में उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद गांधी मैदान में आयोजित रैली को संबोधित किया था।