ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बाल बाल बचे नवगछिया एसडीजेएम, एनएच पर वाहन चालकों की मनमानी

नवगछिया व्यवहार न्यायालय के एसडीजेएम धीरेन्द्र मिश्रा सोमवार की सुबह उस समय बाल बाल बच गए जब वे अपने बच्चे को स्कूल छोड़ कर न्यायालय परिसर वापस आ रहे थे | जहां कचहरी परिसर के मुहाने पर
दोनों तरफ बेतरतीब वाहनों की लंबी कतार के बीच कई वाहन तेज रफ्तार से चल रहे थे | वहीं एसडीजेएम साहब की UP 44 J 7043 नंबर की फीएट कार एक बस की चपेट में आते आते बाल बाल बच गयी |

नवगछिया व्यवहार न्यायालय के सामने एनएच पर इस तरह की गंभीर स्थिति बने रहने पर नवगछिया व्यवहार न्यायालय के एसडीजेएम धीरेन्द्र मिश्रा ने नवगछिया पुलिस प्रशासन और अनुमंडल प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की | इसके बाद नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रमाशंकर राय व नवगछिया अंचल पदाधिकारी मिथिलेश कुमार तथा नवगछिया थानाध्यक्ष प्रमोद पोद्दार ने नवगछिया कचहरी परिसर के सामने लगे वाहनों के जाम को हटवाया | इस मौके पर मकन्दपुर चौक के समीप BR 11 E 1688 नंबर की मक्का लदी ट्रेक्टर पलट गयी |
जानकारी के अनुसार पिछले साल भी ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हो गयी थी | उस समय भी कई लोग दुर्घटना के शिकार हुए थे | नवगछिया पुलिस ने काफी मसककत कर ट्रेकटरों को हटवाया था |
बताते चलें कि नवगछिया एनएच स्थित धरम कांटा पर मक्का लोड ट्रेक्टर का सही वजन कराने को लेकर ट्रेक्टर चालकों की मनमानी के कारण मकन्दपुर चौक और कचहरी चौक तथा न्यायालय परिसर के प्रवेश द्वार और निकास द्वार पर हमेशा जाम और दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है |
जबकि पुलिस प्रशासन द्वारा मकन्दपुर चौक पर पुलिस की ड्यूटी बताई जाती है | इसके अलावा एनएच पर हमेशा पुलिस गश्ती कराई जाती है | बावजूद इसके एनएच पर इस तरह जाम की स्थिति इन ट्रेक्टर चालकों द्वारा पैदा कर दी जाती है कि कोई भी इसकी चपेट में कब आ जाये किसी को पता भी नहीं चल पाएगा |