ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

आज अपने सुनाएंगे अपनों की वेदना

पूर्णिया विकास परिषद द्वारा आयोजित वेदना प्रदर्शन की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस प्रदर्शन के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम पूरी तरह से सजधज कर तैयार है। वेदना प्रदर्शन में आने वाले वाहनों को रखने के लिए जहां चार स्थानों पर अस्थायी बस पड़ाव बनाए गए हैं वहीं दौ सौ सीसीटीवी कैमरे वेदना प्रदर्शन में आने वाली भीड़ पर नजर रखेंगे।
इस वेदना प्रदर्शन में अपने ही अपनी सरकार को अपनों की वेदना सुनायेंगे। वेदना प्रदर्शन की सुरक्षा के लिए बंगाल से आए निजी सुरक्षा कर्मी कमान संभालेंगे। प्रदर्शन में भाग लेने के लिए लोक सभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से लोगों को लाने के लिए चार हजार से अधिक वाहन रखे गए हैं।
इस वेदना प्रदर्शन के संबंध में पूर्णिया सासद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि
इस योजना के माध्यम से वे सूबे के मुखिया एवं उप मुखिया को अपने क्षेत्र के लोगों की वेदना सुनाने का काम करेंगे। सासंद ने कहा कि यह सरकार विरोधी कोई आयोजन नहीं है बल्कि क्षेत्र में फैले भ्रष्टाचार, अफसरशाही, एवं कुव्यवस्था से सरकार को अवगत कराया जाएगा। वेदना प्रदर्शन में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए 20 चापाकल एवं तीन दर्जन से अधिक शौचालयों का अस्थायी निर्माण निर्माण कराया गया है।
वेदना प्रदर्शन में आने वाले लोगों के भोजन के लिए डेढ़ सौ से ज्यादा कारीगर विगत तीन दिनों से पचास चूल्हों पर दो लाख लोगों के लिए मिष्ठान्न बना रहे हैं। भीड़ को अपने स्थान से खड़े-खड़े पूरे कार्यक्रम देखने के लिये दो दर्जन स्थानों पर प्रोजेक्टर के सहारे एलसीडी स्क्रीन पर कार्यक्रम दिखाने की व्यवस्था की गई है। पूर्णिया विकास परिषद ने दावा किया है कि इस वेदना प्रदर्शन में लाखों लोग जुटेंगे।