
इसके बाद ये सभी भोजपुरी फिल्म के सितारे नवगछिया स्थित श्री कृष्ण चित्र मंदिर सिनेमा हाल में अपनी फिल्म का प्रमोशन करेंगे। इस दौरान वे नून शो के इंटरवेल में तथा मेटिनी शो के प्रारम्भ में अपने दर्शकों से भी रू-ब-रू हो कर उनका हौसला बढ़ाएंगे। यह जानकारी देते हुए श्री कृष्ण चित्र मंदिर के मालिक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि नवगछिया के बाद ये फ़िल्मी सितारे पूर्णिया में भी इसी दिन इस फिल्म का प्रमोशन करेंगे।
मां शांति एंटरटेन्मेंट कृत निर्माता युगल सुरेश कुमार मणिक व सूर्यकान्त ‘निराला’ और चुनमुन पंडित निर्देशित भोजपुरी फिल्म ‘धूम मचईलऽ राजाजी’ की शूटिंग बोधगया (बिहार) व आसपास के अन्य स्थलों पर की है। इस पारिवारिक, रोमांटिक फिल्म की सम्पूर्ण शूटिंग 22 दिनों के स्टार्ट-टू फिनिश शेड्यूल में पूरी हुई है।
फिल्म के लेखक रामचन्द्र सिंह, संगीतकार रंजय बावला तथा गीतकार रामचन्द्र सिंह, मनोज मोहित व सूर्यकान्त निराला हैं। नृत्य निर्देशक केदार सुब्बा और कैमरामैन वेल मुरुगन हैं। फिल्म में छोटू छलिया, गुंजन पंत, रोहित राज, राखी त्रिपाठी, विपिन सिंह, पंकज मेहता, निरुपमा श्री, सुमन्त मिश्रा, सुधा वर्मा और जनार्दन सिंह ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। वहीं कविता सिंह और लावण्या बेथी के आईटम डांस है, जो काफी जबरदस्त है।
निर्देशक चुनमुन पंडित के अनुसार, ‘धूम मचईलऽ राजाजी’ एक पारिवारिक फिल्म है, जिसमें रोमांस और एक्शन भी खूब है। यह एक ऐसे दम्पत्ति की कहानी है, जो गांव में फैले अनाचार और बाहुबलियों के अत्याचार से बचने के लिए कहीं दूर चली जाती है। कालान्तर में उनके तीनों बच्चे बड़े होने के पश्चात क्या-क्या करते हैं, यही कहानी है इस महत्वाकांक्षी फिल्म की।