नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र में मदरौनी ढाला के समीप सोमवार दोपहर बाद अपराधियों ने दीन दयालपुर बरौनी के व्यवसायी प्रदीप कुमार मुरारका से दस लाख रुपए समेत नई कार लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर जब पुलिस ने लूटी हुई कार से भाग रहे लुटेरों का पीछा किया तो लुटेरों ने कार को परबत्ता थाना क्षेत्र के तेतरी दुर्गास्थान के पास छोड़कर फरार हो गए । जानकारी के अनुसार, व्यवसायी अपनी नई हुंडई कार से कटिहार से बरौनी जा रहे थे कि मदरौनी के पास कार की गति धीमी होते ही तीनों अपराधियों ने हथियार के बल पर व्यवसायी को कार रोकने के लिए मजबूर कर दिया। मामले को समझते ही जब व्यवसायी के कहने पर कार चालक ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया तो लुटेरों ने पिस्तौल के बट से ड्राइवर के सीट वाले शीशे को तोड़कर व्यवसाई से दस लाख रुपए व कार लेकर वहां से भाग खड़े हुए। थानाध्यक्ष सुभाष वैद्यनाथन ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों को सूचना देते हुए नवगछिया से बाहर निकलने वाली सभी सड़कों की नाकाबंदी कर दी। उधर, इसकी भनक लगते ही लुटेरों ने व्यवसायी की नई कार को तेतरी दुर्गास्थान के समीप छोड़कर फरार हो गए । अब इस मामले की छानबीन एसडीपीओ डा. संजय कुमार भारती एवं मुख्यालय डीएसपी अरविंद कुमार सिंह संयुक्त रूप से कर रहे हैं। वहीं, नवगछिया एसपी ने जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तारी करने का भरोसा दिलाया है।