खरीक थाना क्षेत्र के ध्रुवगंज निवासी शिक्षक बद्रीनाथ कुंवर (45) की हत्या शनिवार की रात्रि हमलावरों ने सोए हालत में गोली मारकर कर दी। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने खरीक महाविद्यालय चौक एवं ध्रुवगंज चौक को जाम कर रोष प्रकट किया। बाद में आरक्षी अधीक्षक मिट्ठू प्रसाद के समझाने पर लोग जाम हटाने पर राजी हो गए। वहीं, पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, बद्रीनाथ कुंवर भागलपुर के बरारी प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थे तथा अवकाश के दिनों में बगान में बनाए अपने बासा में समय व्यतीत करते थे। बताया जाता है कि शनिवार की रात्रि वे अपने आठ-दस नौकरों, मजदूरों एवं व्यापारियों के साथ भुट्टा खाया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बड़ी रकम की लेनदेन को लेकर शिक्षक की हत्या की गई है। रविवार को उक्त घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण भड़क गए और शव को लत्तीपुर-तेतरी-जीरो माइल मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। बाद में एसपी द्वारा समझाने पर लोग सड़क जाम हटाने पर राजी हुए।