
पंकज ने बंजर बगीचे में लाये बेसुमार आम
राजेश कानोडिया, नवगछिया। सच्ची लगन और सच्ची मेहनत एक न एक दिन रंग लाती ही है। इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है आचार्य टोला पकरा के पंकज कुमार आचार्य ने। जिसने अपने जैविक खाद और कीटनाशक तरल के शोध तथा निर्माण के बल पर वर्षों से बंजर पड़े आम के बगीचे को फिर से फलदार बगीचा बना डाला । प्रयोग के तौर पर पंकज ने जाहनवी चौक के समीप वर्षों से बंजर पड़े आम के एक बगीचे को लीज पर लेकर कड़ी मेहनत की । सभी आम के वृक्ष की जड़ में स्व निर्मित जैविक खाद डाली । जिससे सारे बंजर वृक्षों में भरपूर मंजर आये, लेकिन मौसम की मार इन वृक्षों पर भी पड़ी और भीषण गर्मी से अधिकांश मंजर जल भी गए।। इसके बाद स्वनिर्मित कीटनाशक तरल से सारे वृक्षों की धुलाई की। फिर भी बचे मंजर से लगी आम की फसल ने आशा की अच्छी किरण जगा दी है।
पंकज ने अपने द्वारा निर्मित जैविक तरल कीटनाशक का प्रयोग इसके पहले भी टमाटर इत्यादि कई फसल पर किया है , वहां भी आश्चर्य जनक उपलब्धि मिली थी । इसके बाद इसने आम की फसल पर प्रयोग किया आज पंकज को अपने शोध पर गर्व है।