बाल भारती में 4,000 विद्यार्थियों के दाँतों की निःशुल्क जाँच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन
राजेश कानोडिया, नवगछिया। स्थानीय बाल भारती नवगछिया की दोनों इकाईयों में बुधवार को एक विशाल निःशुल्क दंत जाँच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, दाँतों की नियमित देखभाल के महत्व को समझाना तथा समय रहते दंत संबंधी समस्याओं की पहचान करना था।
शिविर में मुख्य दंत चिकित्सक के रूप में कटिहार के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. लीलाधर माहेश्वरी (Dental Surgeon) अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। उनकी टीम में डॉ. ब्यूटी, डॉ. अविनाश और डॉ. विशाल के साथ-साथ स्थानीय प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. सौम्या चौधरी एवं डॉ. एम.डी. अजहर अख्तर ने भी अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। शिविर के दौरान विद्यालय के लगभग 4,000 विद्यार्थियों के दाँतों की जाँच की गई। साथ ही सभी विद्यार्थियों को दाँतों की नियमित सफाई एवं देखभाल के प्रति प्रोत्साहित करते हुए निःशुल्क टूथपेस्ट एवं टूथब्रश वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के ट्रस्टी सह अध्यक्ष श्री पवन कुमार सर्राफ, उपाध्यक्ष श्री अजय कुमार रुंगटा, सचिव श्री अभय प्रकाश मुनका, लायन्स क्लब ऑफ नवगछिया टाउन के अध्यक्ष एवं विद्यालय के संयुक्त सचिव श्री प्रवीण केजरीवाल, कार्यकारी सदस्य डॉ. ए. के. केजरीवाल, लायंस के डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन श्री कमलेश अग्रवाल, उपस्थित चिकित्सकों, विद्यालय के प्राचार्य श्री नवनीत सिंह एवं प्रशासक श्री डी. पी. सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्यकारी सदस्य श्री विनोद खंडेलवाल, श्री मोहन लाल चिरानिया, श्री नरेश केडिया, श्री ओम प्रकाश चिरानिया, श्री अभिषेक रुंगटा एवं श्री पंकज टिबड़ेवाल तथा लायंस के सचिव डॉ. अनंत विक्रम,सुभाष चंद्र वर्मा,बाल भारती,पोस्ट आफिस रोड के प्राचार्य कौशल किशोर जयसवाल की विशेष उपस्थिति रही।कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक निखिल चिरानिया ने किया।
अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री पवन कुमार सर्राफ ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास एवं बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। साथ ही विद्यार्थियों को अनुशासन अपनाने की सलाह दी।
विद्यालय के उपाध्यक्ष श्री अजय कुमार रुंगटा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ दाँत और स्वस्थ शरीर एक आत्मविश्वासपूर्ण व्यक्तित्व के आधार हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से दाँतों की जाँच करवाने, स्वच्छता अपनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
बाल भारती विद्यालय के प्राचार्य श्री नवनीत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से विद्यार्थियों को केवल चिकित्सकीय सुविधा ही नहीं मिलती, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ और व्यावहारिक मार्गदर्शन भी प्राप्त होता है। उन्होंने इस आयोजन को बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए चिकित्सकों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य दंत चिकित्सक डॉ. एल. डी. महेश्वरी ने अपने संबोधन में बच्चों को दाँतों की नियमित सफाई, दिन में दो बार ब्रश करने, अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थों से बचने तथा समय-समय पर दंत परीक्षण करवाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बचपन से ही दाँतों की उचित देखभाल की आदत विकसित करना भविष्य में अनेक दंत समस्याओं से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्यों द्वारा सभी चिकित्सकों एवं अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र (दुपट्टा) भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों की जाँच के साथ उन्हें दाँतों की स्वच्छता एवं उचित देखभाल के व्यावहारिक तरीके भी समझाए। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों, चिकित्सकों एवं विद्यालय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।