नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 72 लाख की 581 ग्राम स्मैक के साथ 02 तस्कर गिरफ्तार
नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत एसपी नवगछिया के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में दिनांक 26.07.2026 को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि तेतरी जीरोमाइल के समीप स्मैक की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। उक्त सूचना पर पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तेतरी जीरोमाइल पर सुबह से संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान लगभग 02:40 बजे तेतरी दुर्गा मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर संदिग्ध अवस्था में खड़े व्यक्तियों एवं वाहन की जांच के क्रम में को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में प्रदीप कुमार उर्फ छोटू कुमार पे० विन्देश्वरी मोदी सा०-खरीक बाजार थाना-खरीक जिला-भागलपुर के पास से 88 ग्राम तथा रमेश कुमार के पास से 493 ग्राम स्मैक कुल 581 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। साथ ही उक्त दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय मूल्य लगभग 72 लाख रूपये बताया गया है।
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के बाद बताया कि वे कटिहार से स्मैक लेकर आ रहे थे। इस संबंध में नवगछिया थाना कांड संख्या-295/26 दर्ज कर कांड में सलिप्त अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध छापामारी जारी है। उल्लेखनीय है कि चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले दो माह के अंदर नवगछिया पुलिस द्वारा कुल 1368.88 ग्राम स्मैक बरामद एवं 14 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। नवगछिया पुलिस द्वारा सुखे नशे के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं तस्करों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देशन में एएनटीएफ (Anti & Narcotics Task Force) का गठन किया गया है। गठित टीम द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार से संबंधित सूचनाओं का लगातार संकलन कर छापेमारी करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही एसपी नवगछिया ने अपील भी की है कि यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है, तो वह टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1933 अथवा 'मानस' पोर्टल के माध्यम से इसकी सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।