पटना: पुलिस को बाइक सवार ने मारी गोली, पुलिस ने किया था रुकने का इशारा
पटना। अपराधियों के हौसले बिहार में कितने बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वो अब पुलिस वाले पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। वो भी पटना में दिनदहाड़े दो अपराधियों ने पुलिस वालों पर ही गोली चला दी। जिसमें एक पुलिस वाले को गोली लगी है। घटना पत्रकार नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार उक्त क्षेत्र में पुलिस द्वारा रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में काली मंदिर रोड पर पुलिस वालों ने बाइक सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया। इससे गुस्साए बाइक सवार ने पुलिस वालों पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में कांस्टेबल रामअवतार सिंह के जांघ में गोली लग गई और वो घायल हो गए।घायल कांस्टेबल रामअवतार सिंह को आनन-फानन में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी राजीव मिश्रा घायल से मिलने पहुंचे। इधर बाइक सवार अपराधी गोली मारने के बाद मौके से फरार होने में सफल रहे हैं। फिलहाल पुलिस इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।