नवगछिया में आज रात होगा होलिका दहन का कार्यक्रम तो कई जगहों पर कल
नव-बिहार समाचार /एनबीएस न्यूज, नवगछिया (भागलपुर)। होलिका दहन को लेकर इस बार लोगों में संशय की स्थिति बनी हुई है। इसका कारण है होलिका दहन पूर्णिमा की रात को किया जाता है। इस बार पूर्णिमा दो दिन होने के कारण संशय की स्थिति बन गई है। इस बार पूर्णिमा सोमवार की संध्या से शुरू होकर सोमवार की पूरी रात पूर्णिमा की रात होगी और मंगलवार को शाम तक पूर्णिमा रहेगी। इसी वजह से देश भर में इस बार होलिका दहन का कार्यक्रम अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग मान्यताओं के अनुसार दोनों दिन किए जाने की जानकारियां मिल रही हैं।
जहां तक नवगछिया के बारे में स्थानीय पंडितों के अनुसार पंडित नीरज शर्मा और पंडित अमर शर्मा तथा पंडित नंदलाल तिवारी इत्यादि ने बताया है कि नवगछिया में आज ही दिन के 11:00 बजे डांडा रोपण का कार्य होगा तथा रात्रि 1:00 बजे होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा। जबकि देश के अलग-अलग भागों में अलग-अलग समय बताए जा रहे हैं। सभी जगह अपने स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इस पर्व को मनाया जाएगा। होलिका दहन के अगले दिन यानि नए विक्रम संवत के पहले दिन के स्वागत में लोग एक दूसरे को रंग और अबीर गुलाल लगा कर एक दूसरे के साथ खुशियां मनाएंगे।