ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

क्लीन नवगछिया ग्रीन नवगछिया को मिला ग्लोबल ह्यूमैनिटी चेंज मेकर अंतराष्ट्रीय अवार्ड 2023

क्लीन नवगछिया ग्रीन नवगछिया को मिला ग्लोबल ह्यूमैनिटी चेंज मेकर अंतराष्ट्रीय अवार्ड 2023
राजेश कनोडिया (नव-बिहार समाचार/एनबीएस न्यूज), नवगछिया (भागलपुर)। पिछले 10 वर्षों से नियमित समय पर रक्तदान शिविर लगा कर जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना, पर्यावरण के लिए पौधा वितरण, कम्बल, वस्त्र वितरण अन्य सहयोगी कार्य के लिए सदैव तत्पर रहने वाली गैर सरकारी एवं गैर राजनीतिक, मानवसेवी संस्था क्लीन नवगछिया ग्रीन नवगछिया को राजस्थान के बीकानेर शहर स्थित रविंद्र रंगमंच में राष्ट्रहित फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा 11 एवं 12 मार्च को आयोजित इंटरनेशनल कांफ्रेंस ऑफ सोशल एक्टिविस्ट के दौरान ग्लोबल ह्यूमैनिटी चेंज मेकर अवार्ड 2023 से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड 1999 के कारगिल युद्ध में अपने एक हाथ व दोनों पैर गंवाने वाले इस समारोह के मुख्य अतिथि मेजर दीप चंद सिंह के हाथों क्लीन नवगछिया ग्रीन नवगछिया के अध्यक्ष चंद्रगुप्त साह को समारोह के दौरान प्रदान किया गया। 
कर्नल दीप चन्द सिंह के हाथों सम्मानित होने के पश्चात क्लीन नवगछिया ग्रीन नवगछिया के अध्यक्ष चंद्रगुप्त साह ने बताया कि यह सम्मान मानवता और इंसानियत के साथ साथ भाईचारे का सम्मान है। साथ ही समस्त  नवगछिया नगर वासियों के साथ साथ अन्य सभी जगहों के रक्तदानियों का सम्मान है। अपने अमूल्य रक्त का महादान देने वाले सभी रक्तवीरों का अभिनंदन करते हुए चन्द्रगुप्त साह ने यह सम्मान सभी रक्तवीरों को समर्पित करते हुए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने ये भी बताया कि हमारे समाज में जागरूकता की कमी की वजह से अभी भी कई लोगों की जान काल के गाल में समा जाती है। वैसे सभी व्यक्ति जो रक्तदान करने योग्य हैं, अवश्य हीं रक्तदान करें। इससे न सिर्फ किसी की जान बचेगी बल्कि आपके शरीर के लिए स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।
मौके पर राष्ट्रहित में अपना सर्वोच्च न्योछावर करने वाले मेजर दीप चंद सिंह ने रक्तदान की महत्ता को समझाते हुए लोगो से रक्तदान करने की अपील की। इस विश्व स्तरीय सामाजिक कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में मुख्य अतिथि मेजर दीप चंद सिंह  के साथ साथ बीकानेर डिवीजन के कमिश्नर आईएएस डॉक्टर नीरज कुमार पवन, पंडित रत्न वशिष्ठ महाराज और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के समाजसेवक डॉक्टर नरेश गोयल की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही।