बालभारती के छात्रों को डॉ केजरीवाल ने दी जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा

नव-बिहार समाचार, नवगछिया। लायन्स क्लब ऑफ नवगछिया टॉउन द्वारा नगर के बालभारती स्कूल में शनिवार को छात्र प्रेरणा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बालभारती के करीब 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस छात्र प्रेरणा शिविर की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष कमलेश कुमार अग्रवाल ने की तथा संचालन क्लब के सचिव सुभाष चन्द्र वर्मा ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में नगर के प्रमुख चिकित्सक डॉ एके केजरीवाल ने ऊर्जा से भरी बातों से बच्चों के दिल को जीता। उन्होंने अपनी सहज और सरल भाषा से छात्रों को अपने अनुभव एवं विचारों से जोड़ा। साथ ही उन्हें खूब ज्यादा पढ़ने की जगह पूजा की तरह पढ़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आप दिन में कितने घण्टे पढ़ते हैं, यह मायने नही रखता। मायने यह रखता है कि आपने कितनी देर ध्यान को केंद्रित कर सिर्फ पढ़ाई करने पर अपने को नियन्त्रित रखा। आपको जीवन मे आगे बढ़ने हेतु अपने लक्ष्य का चयन करना होगा। आप डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक, बिजनेसमैन या और भी किसी क्षेत्र में मुकाम हासिल करना चाहते हैं तो आपको अपने लक्ष्य के अनरूप कड़ी मेहनत, सच्ची निष्ठा के साथ संकल्पित होना होगा। तब ही आप अपने लक्ष्य को हासिल कर एक सफल व्यक्ति के साथ साथ कई लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हो सकते है।
इस छात्र प्रेरणा शिविर को सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो.इसराफिल साहब, सेवानिवृत्त प्रो.विजय कुमार, बालभारती के प्राचार्य मुरारी पंसारी, क्लब के पूर्व अध्यक्ष बिनोद खंडेलवाल, समाजसेवी सह बाल भारती के उपाध्यक्ष श्री अजय कुमार रूंगटा ने अपने संबोधन से बच्चों को प्रेरित करने हेतु कई बातों को साझा किया।
कार्यक्रम के अंत में बिनोद केजरीवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस शिविर को सफल बनाने में लायन्स क्लब के कोषाध्यक्ष बिनोद कुमार चिरानियाँ के साथ सभी सदस्यों का योगदान रहा।