नवगछिया के ज्वेलरी दुकानदार से 31.5 हजार की तीन अंगूठियों की हुई ठगी, कैमरे में दिखा ठग
नव-बिहार समाचार, नवगछिया। स्थानीय शहर के मेन रोड स्थित महाराज जी चौक के समीप एक साइबर ठग ने विक्रम ज्वेलर्स के संचालक विक्रम कुमार से तीन सोने की अंगूठी ठग ली। तीनों अंगूठी का मूल्य 31,500 रुपये है। घटना के बाद बगल के कैमरे में को खंगाला गया तो ठग का चेहरा भी सामने आ गया। जिसकी अब तक पहचान नहीं हो पायी है।
जिसे लेकर दुकानदार विक्रम कुमार भूडोलिया ने नवगछिया आदर्श थाना में आवेदन भी दिया है। जिसमें कहा गया है कि शुक्रवार की शाम 4:05 बजे दुकान पर एक व्यक्ति ने तीन सोने की अंगूठी खरीदी। पैसे ऑनलाइन देने की बात कहकर किसी दूसरे व्यक्ति को फोन कर 31,500 भेज देने की बात कही। थोड़ी ही देर में उनके मोबाइल पर आइसीआइसीआइ बैंक का मैसेज आया। तबतक वह व्यक्ति अंगूठी लेकर जा चुका था। जब मैसेज को पढ़ने का प्रयास किया तो मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। स्विच ऑन कर जब खाता को चेक किया तो पता चला कि पैसे आये ही नहीं हैं।
वहीं इस घटना को लेकर नगर के वार्ड पार्षद मुन्ना भगत उर्फ रंजीत भगत ने नगर के सभी दुकानदारों और व्यवसायियों से आग्रह किया है कि इस प्रकार की साइबर ठगी से सावधान रहें। जब तक अपने खाते में भुगतान आने की संतुष्टि ना हो तो ग्राहक को सामान नहीं दें।
