ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया के सात थानों में होंगे नए थानाध्यक्ष, महिला थाना की कमान किसको?


नवगछिया। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया में नए साल के प्रथम महीने जनवरी में ही महिला थाना सहित सात थानों के थानाध्यक्ष बदल जाएंगे। इनकी जगह अन्य जिलों से जोन तबादला के तहत आये दारोगा ले सकेंगे। लेकिन इनमें से संशय इस बात को लेकर है कि आने वाले दारोगा में एक भी महिला दारोगा नहीं है। जबकि महिला थाना में महिला दारोगा की ही अत्यंत आवश्यकता होती है।

बताते चलें कि पिछले दिनों मंगलवार को आईजी भागलपुर द्वारा 174 दारोगा के रेंज तबादला के तहत नवगछिया पुलिस जिला के महिला थानाध्यक्ष सहित सात थानाध्यक्ष समेत एक दर्जन दारोगा का तबादला अन्य जिलों में कर दिया गया है। इसके साथ ही अन्य जिलों से एक दर्जन दारोगा का तबादला नवगछिया किया गया है। लेकिन इस तबादले के तहत महिला थाना में थानाध्यक्ष किसे बनाया जायेगा यह एक समस्या बन रही है। संभावना है कि इसके लिए नवगछिया एसपी सुश्री निधि रानी द्वारा वरीय अधिकारियों से अनुरोध किया जा सकता है।

इधर जोन तबादले के तहत गोपालपुर थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह और नदी थाना के थानाध्यक्ष ओम प्रकाश दुबे का तबादला मुंगेर जिला, परवत्ता थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव का तबादला खगड़िया जिला, बिहपुर थानाध्यक्ष सूचित कुमार का तबादला बेगूसराय, खरीक थानाध्यक्ष सुदीन राम का तबादला शेखपुरा तथा इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार आजाद और महिला थानाध्यक्ष चंदना कुमारी का तबादला जमुई जिला किया गया है।

इसके अलावा आदर्श थाना नवगछिया में पदस्थापित राघवेंद्र कुमार और कौशल कुमार का तबादला बेगुसराय, खरीक थाना में पदस्थापित रामचंद्र सिंह को मुंगेर और पुलिस लाइन से संतोष कुमार को खगड़िया तथा चंद्र भूषण सिंह का लखीसराय तबादला किया गया है। इनकी जगह पर आने वाले सभी एक दर्जन दारोगा के जनवरी में ही अपना योगदान देने की संभावना है। इसीलिए नवगछिया पुलिस जिला के सात थानों में नए साल में नए थानेदार होंगे पदस्थापित।