ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

एक करोड़ लोगों का करेंगे कौशल विकास: नीतीश


ब्रिटेन से आये सर्वदलीय शिष्टमंडल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट की। शिष्टमंडल का नेतृत्व हाउस आफ लार्ड्स के सदस्य लार्ड कैमरन कर रहे हैं। शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान बिहार में कृषि, महिला सशक्तिकरण, मानव विकास तथा कौशल विकास के क्षेत्र में चल रहे कार्यो पर खुशी जाहिर की। मुख्यमंत्री ने शिष्टमंडल को बताया कि उन्होंने मानव विकास एवं कौशल विकास मिशन का गठन किया है। इसके तहत एक करोड़ लोगों के कौशल का विकास किए जाने का लक्ष्य है। इस मौके पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की भी चर्चा की। कुपोषण और टीकाकरण के संबंध में शिष्टमंडल को जानकारी दी गयी।
ब्रिटेन से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अपनी बिहार यात्रा के क्रम में नालंदा जिले के सारीनचक गांव का भ्रमण किया है। वहां उन्होंने यह देखा कि महिलाओं द्वारा किस तरह से बड़े स्तर पर मशरूम की खेती की जा रही है। मुख्यमंत्री से हुई चर्चा के दौरान प्रतिनिधिमंडल को सोहडीह में हो रही जैविक खेती के बारे में भी बताया गया। इस क्रम में शिष्टमंडल में शामिल लोगों ने इन उत्पादों की पैकेजिंग और मार्केटिंग के बारे में भी कई सुझाव दिए। शिष्टमंडल में हाउस आफ लार्ड्स के सदस्य लार्ड ग्रैंडचेस्टर व लार्ड चिडगे तथा हाउस आफ कामन के सदस्य सर टोनी गुनिनंघम तथा डिपार्टमेंट फार इंटरनेशनल डेवलपमेंट, यूके के प्रमुख सैम स्वार्पी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने ब्रिटेन से आए प्रतिनिधिमंडल को कृषि रोड मैप के विभिन्न पहलुओं के बारे में भी जानकारी दी। दस लाख महिला स्वयं सहायता समूह के गठन की बात भी बतायी। ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे कार्यो से अवगत कराया। शिष्टमंडल में शामिल सभी सदस्यों को प्रतीक चिन्ह के तौर पर उन्होंने मधुबनी पेंटिंग्स देकर सम्मानित किया।
संसदीय दल ने नालंदा की खेती को सराहा
ब्रिटेन के संसदीय दल ने नालंदा जिले में हो रही खेती को सराहा है। टीम के अध्यक्ष लार्ड कैमरान डिलिंगटन ने कहा कि उनको नालंदा के एक गांव में हो रही खेती से सीखने का मौका मिला।
विधान सभा के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने गुरुवार को एनेक्सी में आयोजित कार्यक्रम में बिहार में कृषि के क्षेत्र में उठाए गए कदम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नालंदा जिला धान व सब्जी की खेती के लिए ख्यात है। यहां आलू व धान की उत्पादकता में विश्व रिकार्ड कायम हुआ है। उनके मुताबिक बिहार में कम जोत के किसान हैं जबकि इंग्लैंड में अधिक जोत के किसान हैं। कैमरान ने कहा कि वे दूसरे देशों को भी नालंदा की खेती से अवगत कराएंगे। टोनी गुनिनिघम ने कहा कि बिहार के लोगों में तरक्की करने की ललक है। विधान सभा अघ्यक्ष ने संसदीय दल का बुके से स्वागत किया।