ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर बाईपास के निर्माण में दूर हुआ पैसे का संकट

भागलपुर बाईपास के निर्माण में पैसे का संकट दूर हो गया है। इसके निर्माण में अब तक जो बाधाएं थी वह दूर हो रही हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री सीपी जोशी ने बाईपास की योजना को प्लान हेड में शामिल कर लिया है। दीवाली से पहले 235 करोड़ रुपये की इस योजना को ईएफसी (एक्सपेंडीचर फाइनांस कमेटी) से क्लीयर करा लिया जाएगा।
यह भरोसा भागलपुर के सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन को
केंद्रीय मंत्री श्री जोशी ने शुक्रवार को दिया है। शाहनवाज ने भागलपुर की जनता की ओर से उन्हें गुलदस्ता और ज्ञापन भी सौंपा जिसमें एनएच-80 और 106 सहित बिहार के अन्य राजमार्गों से संबंधित मुद्दे शामिल थे। मालूम हो कि सांसद ने बाईपास की वित्तीय स्वीकृति के लिए आमरण अनशन करने की घोषणा की थी। उनकी इस घोषणा के बाद किया गया प्रयास रंग लाया है। इस प्रोजेक्ट को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी चार महीने पहले जोशी से मुलाकात की थी।
सांसद ने कहा कि यह परियोजना फाइनेंशियल क्लीयरेंस की प्रतीक्षा में काफी दिनों से रूकी हुई थी। दो सौ करोड़ से अधिक लागत होने के कारण यह परियोजना फाइनल एप्रूवल के लिए केंद्रीय वित्त मंत्रालय में जाएगी और उससे पहले ईएफसी में लाया जाएगा। उम्मीद है कि ईएफसी की 12 नवम्बर को बैठक हो रही है जिसमें अंतिम रुप से मुहर लग जाएगी। सांसद ने कहा कि जोशी ने दो साल पहले जो वचन दिया था उसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने जोशी से मुलाकात में परियोजना को दीवाली के पूर्व स्वीकृति देने का अनुरोध किया है। सांसद ने एनएच-106 में भी मंत्री की पहल की सराहना की। मंत्री से अनुरोध किया कि एनएच-106 को बनाने का लाभ तभी मिलेगा जब मिसिंग लिंक को जोड़ा जाए। यह राजमार्ग पूर्वी बिहार के सामाजिक और आर्थिक प्रगति के लिए आवश्यक है। सांसद ने कहा कि मंत्री ने एनएच-106 में जो पुल का डिजाइन बनाने के लिए आईआईटी रूड़की को भेजा है उसे पूरा होने के बाद स्वीकार किया जाएगा तथा इसे प्लान हेड में शामिल किया जाएगा। इसे विश्व बैंक के सहयोग से या बजटरी एलोकेशन से पूरा किया जाएगा। अकबरनगर से नाथनगर के लिए 6 करोड़ रुपये, लोहिया पुल से जीरोमाइल तक 12 करोड़ और सबौर से घोघा तक पीसीसी सड़क बनाने के लिए 6 करोड़ रुपये आवंटित करने के लिए मंत्री का धन्यवाद दिया। सांसद ने मंत्री से गेरूआ पुल में एक स्पैन और बढ़ाने का आग्रह किया ताकि पुल मजबूत बन सके। मंत्री ने कहा कि बिहार की लंबित परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाएगा और एनएच 80 सहित अन्य राजमार्गों पर काम जल्द
शुरू हो जाएगा।