ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बाल भारती विद्यालय की प्रबंधन समिति ने शिक्षकों को किया सम्मानित, छात्रों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम

बाल भारती विद्यालय की प्रबंधन समिति ने शिक्षकों को किया सम्मानित, छात्रों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम 
राजेश कानोड़िया, नवगछिया। अनुमंडल के एक मात्र सीबीएसई से संबंधित विद्यालय बाल भारती विद्यालय में शिक्षक दिवस पर हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ, उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, सचिव अभय प्रकाश मूनका, संयुक्त सचिव प्रवीण केजरीवाल, कार्यकारिणी सदस्य नरेश केडिया, बालकृष्ण पंसारी, पंकज टिबड़ेवाल एवं पारस खेमका ने विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 10 के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित शिक्षक दिवस समारोह रहा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह के दौरान केक कटिंग की गई, जिसमें विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह, प्रशासक डी.पी. सिंह और सीनियर शिक्षक- शिक्षिकाओं  ने भी सहभागिता की। विद्यार्थियों ने एक के बाद एक गीत, नृत्य, संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम को और भी यादगार बनाते हुए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी  गीत-संगीत की प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह में अपनी सहभागिता निभाई। संगीत शिक्षक निभाष मोदी की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों के बीच उत्साह और आनंद का वातावरण बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ ने अपने संबोधन में कहा की “विद्यालय की वास्तविक पहचान उसके भवन या संसाधनों से नहीं, बल्कि उसके समर्पित शिक्षकों और संस्कारवान विद्यार्थियों से होती है। बाल भारती विद्यालय के शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और जीवन-मूल्यों की सीख देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत कर रहे हैं।”
प्राचार्य नवनीत सिंह एवं प्रशासक डी.पी. सिंह ने भी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों द्वारा किए गए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की।