नवगछिया: जदयू प्रखंड अध्यक्ष को अपराधियों ने मारी तीन गोली हालत गंभीर, एक गिरफ्तार
नवबिहार समाचार, नवगछिया। जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह खैरपुर सरपंच प्रतिनिधि पप्पू यादव को उनके आवास पर सोमवार की देर रात अपराधियों ने गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली पप्पू के जांघ, कमर व पंजरे में लगी है, जिससे स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अपराधी गोलीबारी कर फरार हो गये। गोली लगने से पप्पू यादव मौके पर ही बेहोश हो गये। परिजनों ने भागलपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में पप्पू को भर्ती कराया।घटना का कारण पारिवारिक जमीन विवाद बताया जा रहा है। खरीक थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन की। पुलिस ने आरोपित छोटू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने छह राउंड गोली चलायी। इसमें तीन गोली पप्पू को लगी। पप्पू की बेटी ट्विंकल कुमारी ने थाने में आवेदन दिया है। इसमें पड़ोस के ही छोटू यादव, पिता पंकज यादव, भाई मनीष यादव व उसकी मां साधना देवी पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। आरोपित पंकज रिश्ते में पप्पू यादव का चचेरा भाई लगता है। दोनों पक्षों के बीच पर्व से जमीन विवाद चल रहा है। पप्पू की बेटी ने नवगछिया एसपी व स्थानीय पुलिस से सभी आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस घटना को लेकर नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने कहा कि जमीन विवाद में पप्पू यादव को उसके पड़ोसी ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।