ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया प्रशासन दुविधा में, 22 अगस्त को राहुल गांधी व तेजस्वी यादव सहित कई बड़े नेताओं का होगा रात्रि विश्राम

नवगछिया प्रशासन दुविधा में, 22 अगस्त को राहुल गांधी व तेजस्वी यादव सहित कई बड़े नेताओं का होगा रात्रि विश्राम


नवगछिया। इंडिया गठबंधन के बैनर तले 17 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक पूरे बिहार में “वोट चोर गद्दी छोड़” और “बदलो सरकार, बदलो बिहार” जैसे नारों के साथ वोटर अधिकार यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में विपक्षी दलों के कई शीर्ष नेता भाग लेंगे। जिनमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड दीपांकर भट्टाचार्य, सीपीआई के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड डी. राजा, सीपीएम के महासचिव एम. ए. बेबी, और वीआईपी के नेता मुकेश सहनी प्रमुख हैं।

नवगछिया आगमन 22 अगस्त को
यह यात्रा 22 अगस्त को भागलपुर जिले के चंपानगर, मेदिनी चौक, घोरघट होते हुए भागलपुर शहर से गुजरते हुए भागलपुर जीरो माइल तक पैदल पहुंचेगी। इसके बाद सीधे नवगछिया कचहरी मैदान में रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। इंडिया गठबंधन ने इसके लिए 12 अगस्त को ही नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित सूचना दे दी है। इसके बावजूद अनुमंडल प्रशासन द्वारा स्वीकृति नहीं मिल रही है। वहीं इंडिया गठबंधन के स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया कि नवगछिया एसडीओ ऋतुराज प्रताप सिंह (भारतीय प्रशासनिक सेवा) का रवैया अलोकतांत्रिक है और वे जानबूझकर स्वीकृति देने में टालमटोल कर रहे हैं। जब इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात की कोशिश की, तो उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया। भारी दबाव के बाद मुलाकात संभव हुई, लेकिन उसके बावजूद एसडीओ की ओर से मैदान देने को लेकर कई बहाने बनाए जा रहे हैं।

वहीं इंडिया गठबंधन के स्थानीय नेताओं ने प्रेस वार्ता कर कचहरी मैदान को लेकर की जा रही अड़चन को विपक्ष के खिलाफ प्रशासन की पूर्वाग्रही मानसिकता बताया। उन्होंने कहा कि नवगछिया कचहरी मैदान में वर्षों से राजनीतिक सभाएं होती रही हैं, फिर भी इस बार अनुमति देने में टालमटोल किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के अधिकारों का हनन है। नेताओं ने यह भी कहा कि यदि निर्धारित स्थल पर परमिशन नहीं दी जाती है, तो वे राज्य एवं जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर विरोध दर्ज कराएंगे और जन आंदोलन छेड़ेंगे। यह सिर्फ एक पार्टी या गठबंधन का सवाल नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का विषय है।

इस प्रेस वार्ता में इंडिया गठबंधन के संयोजक चंद्रशेखर प्रसाद यादव, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष इं परवेज जमाल, भाकपा माले के प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, सीपीएम के जिला मंत्री दशरथ प्रसाद शाह, राजद के प्रदेश महासचिव शैलेश कुमार, संजय मंडल, राजद नवगछिया जिला अध्यक्ष अलख निरंजन पासवान, अशोक यादव, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अनामिका शर्मा, बमबम प्रीत, अम्बर इमाम, अख्तर हुसैन, शंकर सिंह अशोक, शीतल सिंह निषाद, विजय राय, राजीव चौधरी, समेत कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।