ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

देशभक्ति के रंगों के साथ बाल भारती विद्यालय में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, शहीद अंकित को दी श्रद्धांजलि भी

देशभक्ति के रंगों के साथ बाल भारती विद्यालय में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, शहीद अंकित को दी श्रद्धांजलि भी
राजेश कानोड़िया (नव-बिहार न्यूज), नवगछिया। स्थानीय गोशाला रोड स्थित बाल भारती विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और देशभक्ति की उमंग के साथ मनाया गया। सुबह विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सराबोर दिखाई दे रहा था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ द्वारा ध्वजारोहण से हुई।
इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। जिसमें एनसीसी कैडेट्स तथा स्काउट्स एंड गाइड्स की टीम ने शिस्तबद्ध और गर्वपूर्ण कदमताल करते हुए भाग लिया। उनकी वर्दी, अनुशासन और जोश ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। 
इस दौरान विद्यालय के छात्रों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों ने वातावरण को भावविभोर कर दिया। नृत्यों ने सभी को मंत्रमुग्ध किया और नाट्य मंचनों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सजीव कर दिया। बच्चों की प्रतिभा और जोश ने यह संदेश दिया कि आने वाली पीढ़ी भी देश की सेवा के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम को विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह और प्रशासक डी.पी. सिंह ने संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सिर्फ एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि हर दिन निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति के सह सचिव प्रवीण केजरीवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, डॉक्टर बी.एल. चौधरी, सचिव अभय प्रकाश मुनका, संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार केजरीवाल कोषाध्यक्ष अशोक कुमार गोपालका, सदस्य दिलीप मुनका, डॉ अशोक केजरीवाल, मोहन लाल चिरानियाँ, अभिषेक रुंगटा, विनोद चिरानियाँ, पंकज टिबड़ेवाल, सेवानिवृत्ति एडीएम जयशंकर मंडल, सेवानिवृत प्रधानाध्यापक सच्चिदानंद सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान हाल ही में शहीद हुए चापर के लाल अंकित यादव को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस क्षण ने सभी की आंखों को नम कर दिया और कार्यक्रम में मौजूद हर व्यक्ति ने मन ही मन देश के वीर सपूतों को नमन किया।