नव-बिहार समाचार, नवगछिया : नगर पंचायत नवगछिया सहित ग्रामीण इलाकों में होने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मंगलवार को नवगछिया एसडीओ डॉ आदित्य प्रकाश ने
सभी छठ घाटों का जायजा लिया और मौके पर ही आवश्यक निर्देश भी दिया। इस दौरान नवगछिया बीडीओ राजीव कुमार रंजन, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राम विलास दास, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह समाजसेवी प्रेम सागर उर्फ़ डब्लू यादव सहित अन्य प्रमुख लोग मौजूद थे।
नगर पंचायत क्षेत्र में एसडीओ ने मालगोदाम पोखर, मिलटोला खरनय धार, नवगछिया गोपाल गोशाला पोखर सहित अन्य घाटों का निरीक्षण किया। नगर पंचायत क्षेत्र के कुछ घाटों पर सफाई एवम बैरिकेटिंग का कार्य किया गया था। जबकि कुछ घाटों पर सफाई का कार्य होना बांकी था। इस संबंध में उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को समय रहते सफाई का कार्य व घाट को पूजा योग्य बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि प्रेम कुमार उर्फ डब्लू यादव ने बताया कि नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12, 13, 14 और 17 में वे अपने स्तर से सड़क से लेकर घाट तक प्रकाश की मुकम्मल व्यवस्था कराएंगे। जबकि नगर पंचायत की तरफ से नगर पंचायत चौक से लेकर मिल्की विजय घाट तक चकाचक रौशनी की व्यवस्था की जाएगी। गोताखोर और माइकिंग की भी व्यवस्था की गई है, साथ ही साफ सफाई पर भी उनकी विशेष नजर है।